एक्ट्रेस ने दिखाया दम,2012 किया अपने नाम

नई दिल्ली। बॉलीवुड में एक्टर्स को दबदबे के लिए जाना जाता है। यहां कहा जाता है कि फिल्म एक्टर के बलबुते पर चलती है न कि एक्ट्रेस। लेकिन वर्ष 2012 एक्ट्रेस के नाम रहा। विद्या बालन, श्रीदेवी, करीना कपूर इस परिवर्तन के चैम्पियन रहे। उन्होंने अपने दम पर फिल्में कामयाब कर दिखाई। उन्होंने साबित कर दिया कि वे सिर्फ ग्लैमर की गुडिया नहीं हैं।
विद्या बालन की फिल्म "कहानी" इस साल की पहली महिला केंद्रित फिल्म रही। संजय घोष की फिल्म "कहानी" सात माह की गर्भवती महिला विद्या बागची पर केंद्रित थी। रहस्य एवं रोमांच से भरी फिल्म दर्शकों को खूब पसंद आई।
फिल्म की सक्सेस के बाद विद्या ने कहा था कि महिलाएं देशभर में जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में मुख्य भूमिकाएं निभा रही है। मैं ऎसी फिल्म का हिस्सा बनकर खुश हूं, जिसमें महिला को नए रूप में दर्शाया गया।
"कहानी" के बाद आई करिश्मा कपूर की "डेंजरस इश्क", जिसमें उन्होंने सुपर मॉडल की भूमिका निभाई थी। हालांकि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बहुत नहीं चल पाई,लेकिन इसमें करिश्मा की एक्टिंग की खूब तारीफ हुई। बिपाशा बसु अभिनीत "राज-3" व करीना कपूर स्टारर "हिरोइन" ने खूब सराहना बटोरी।
फिल्म "इंगलिश-विंगलिश" से 15 साल बाद बड़े पर्दे पर श्रीदेवी की वापसी भी धमाकेदार रही। गौरी शिंदे निर्देशित इस फिल्म में एक आम गृहिणी की कहानी थी,जो अंग्रेजी नहीं बोल पाने के कारण बच्चों व पति के बीच हंसी का पात्र बनती है, पर बाद में मजबूत इच्छाशक्ति से अपनी इस कमजोरी से पार पाती है।