scriptओवरफ्लो होकर नहर टूटी, 50 आरडी के पास आया 30 फीट का कटाव, खेतों में भरा पानी, फसल खराब | The canal broke due to overflow, 30 feet erosion near 50 RD, fields filled with water, crops damaged | Patrika News
बीकानेर

ओवरफ्लो होकर नहर टूटी, 50 आरडी के पास आया 30 फीट का कटाव, खेतों में भरा पानी, फसल खराब

करीब पांच छह घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर 12 बजे नहर को दुरुस्त कर लिया गया

बीकानेरApr 30, 2024 / 01:15 am

Hari

छतरगढ़ ​की एलकेडी नहर में ओवरफ्लो होने से आया कटाव।

खेतों में कटी सरसों व गेहूं की फसल खराब
इंदिरा गांधी मुख्य नहर के अधीन विभिन्न नहरों का इन दिनों मरम्मत कार्य चल रहा है। एलकेडी नहर का भी मरम्मत कार्य चल रहा था। सोमवार सुबह पांच बजे एलकेडी नहर ओवरफ्लो होने से छतरगढ़ की आरडी 50 व 51 के बीच टूट गई। इस दौरान करीब 30 फीट का कटाव हो गया। इससे आसपास के खेत जलमग्न हो गए और खेतों में कटी सरसों व गेहूं की फसल खराब हो गई। किसान मोहनलाल बिश्नोई व अन्य किसानों को फसल खराब होने से नुकसान हो गया। नहर टूटने की सूचना देने पर अधिशासी अभियंता सावरमल मीना ने सहायक अभियंता कमल यादव, कनिष्ठ अभियंता मुरलीधर सहित अन्य कार्मिकों को मौके पर भेजा। इस टीम ने मौके पर पहुंच कर नहर में पानी बंद करवाया और नहर को पुनः पाटने का काम शुरू किया गया। करीब पांच छह घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर 12 बजे नहर को दुरुस्त कर लिया गया। इस दौरान आसपास के किसानों ने भी सहयोग दिया।
सफाई नहीं होने से टूटी नहर
सफाई नहीं होने व पानी ज्यादा मात्रा में छोड़ने से नहर टूट गई। इससे करीब 100 बीघा भूमि जलमग्न हो गई। किसानों ने सूचना देकर नहर में पानी बंद करवाया। तब तक आसपास के खेतों में एक फीट पानी भर गया। इससे सरसों व गेहूं की फसल चौपट हो गई। खेत में पड़ीतुड़ी सहित अन्य सामान भी खराब हो गए। किसानों ने छतरगढ़ एसडीएम यक्ष चौधरी व तहसीलदार राजकुमार भादू से फसल खराबे के मुआवजे की मांग की। वहीं सहायक अभियंता कमल यादव ने बताया कि फसल खराबे की रिपोर्ट बनाकर उच्चाधिकारियों को अवगत करवा दिया जाएगा।
घटिया सामग्री का उपयोग करने का आरोप
किसानों ने आरोप लगाया कि लंबे समय से नहर की साफ नहीं की गई। किसानों ने ठेकेदार पर भी नहर निर्माण में घटिया सामग्री का उपयोग करने का आरोप लगाया। इससे नहर पानी के तेज बहाव को झेल नही पाई और ओवरफ्लो होकर टूट गई। किसानों ने नहर की सफाई करवाने की मांग की है। इस दौरान रामकुमार बिश्नोई, मोहनलाल बिश्नोई, रत्तीराम, सोनू कुम्हार, बिहारीलाल बिश्नोई, हेतराम गोदारा, किशनाराम मेघवाल, कालूराम कुम्हार, ओमप्रकाश कालेरा आदि मौजूद रहे।

Home / Bikaner / ओवरफ्लो होकर नहर टूटी, 50 आरडी के पास आया 30 फीट का कटाव, खेतों में भरा पानी, फसल खराब

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो