वाराणसी। दिल्ली को लहूलुहान करने वाले आतंककारी मोहम्मद सैफ और उसके साथियों के संबंध अंडरवल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम से हो सकते हैं। खुफिया एजेंसियों से प्राप्त सूत्रों के अनुसार दिल्ली धमाकों के आरोपियों के तार दुबई से जुड़े हैं और संभवत: हवाला कांड में भी इनकी संलिप्तता थी। सूत्रों ने बताया कि इन आशंकाओं के मद्देनजर खुफिया एजेंसियों आतंककारियों की "जन्मकुंडली" खंगालनी शुरू कर दी है।
खुफिया और सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार दिल्ली धमाकों के आरोपी सैफ और अन्य आतंकियों के दुबईसे संबंधों की पुष्टि हो चुकी है। माना जा रहा है कि हवाला कांड में भी ये सभी आरोपी शामिल थे और हवाला से ही प्राप्त रूपयों से धमाकों के लिए फंड जुटाया गया। फिलहाल इस मामले में जांच कर पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि क्या इनका कोईसंबंध अंडरवर्ल्डडॉन दाऊद से भी है या नहीं।
सूत्रों ने बताया कि इस समय सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी आजमगढ़ में हैं। आजमगढ़ में आतिफ और सैफ के बैंक खातों के बारे में पता चलने के बाद यह जानने की कोशिश की जा रही है उन खातों में रूपए कहां से डाले जाते थे और उनकी निकासी किस रूप में और किसके द्वारा की जाती थी। ताकि पुलिस दिल्ली धमाकों की तह तक पहुंच सके। |