scriptधोनी ने बनाया जबरदस्त रिकॉर्ड, बने स्टंपिंग के शहंशाह  | MS Dhoni breaks world record for most stumpings | Patrika News
Uncategorized

धोनी ने बनाया जबरदस्त रिकॉर्ड, बने स्टंपिंग के शहंशाह 

उनके नाम अब 134 स्टंप हो गए और उन्होंने श्रीलंका के कुमार संगकारा को पीछे छोड़ा

Dec 27, 2014 / 03:51 pm

शक्ति सिंह

मेलबर्न। भारतीय टीम भले ही ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मेलबर्न में संघर्ष कर रही हो लेकिन कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी के नाम पर रिकॉर्ड लिखे जा रहे हैं। शनिवार को रविचन्द्रन अश्विन की गेंद पर मिचेल जॉनसन को स्टंप करते ही धोनी के नाम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक स्टंप हो गए। उनके नाम अब 134 स्टंप हो गए और उन्होंने श्रीलंका के कुमार संगकारा को पीछे छोड़ा।


धोनी ने यह कारनामा 389 मैचों में किया जबकि दूसरे स्थान पर मौजूद संगकारा को 133 स्टंप के लिए 450 मैच खेलने पड़े थे। इस सूची में रोमेश कालूवितर्णा तीसरे, मोईन खान चौथे और एडम गिलक्रिस्ट पांचवें पायदान पर है। सूची में पहले चार स्थानों पर एशियाई खिलाड़ी हैं जो स्पिनर्स का दबदबा भी उजागर करते हैं।


वहीं पहली पारी में धोनी ने विकेट के पीछे पांच शिकार किए, जिसमें चार कैच और एक स्टंप है। उन्होंने सातवीं बार इस तरह का कमाल किया। धोनी से ज्यादा इस तरह का प्रदर्शन केवल चार और खिलाडियों ने किए हैं। इस सूची में सबसे आगे दक्षिण अफ्रीका के मार्क बाउचर है उनसे ऎसा प्रदर्शन 14 बार किया। उनके बाद रोड मार्श(12), इयान हीली(11) और एडम गिलक्रिस्ट(8) का नंबर आता है।


इससे पहले धोनी ने तीसरे टेस्ट के पहले दिन विकेट के पीछे 250 कैच किए और वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले दुनिया के सातवें विकेटकीपर बन गए। वह टेस्ट में सर्वाधिक कैच लेने के मामले में छठे नम्बर पर आ गए। उन्होंने इंग्लैंड के एलेन नॉट (95 मैच, 250 कैच) को पीछे छोड़ा है। उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई पारी में तीन कैच लपक कर 250 का आंकड़ा छुआ। इसके साथ ही उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 50 कैच पूरे कर लिए।

Home / Uncategorized / धोनी ने बनाया जबरदस्त रिकॉर्ड, बने स्टंपिंग के शहंशाह 

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो