scriptपहले जन्म का अधिकार मांगें महिलाएं : ऋतंभरा | Women have the right to demand at birth: assortment | Patrika News

पहले जन्म का अधिकार मांगें महिलाएं : ऋतंभरा

locationअहमदाबादPublished: Feb 08, 2016 05:47:00 am

साध्वी ऋतंभरा ने कन्या भ्रूण हत्या पर कटाक्ष करते हुए कहा कि भारत देश में महिलाएं महाराष्ट्र के शनि

ahmedabad

ahmedabad

अहमदाबाद।साध्वी ऋतंभरा ने कन्या भ्रूण हत्या पर कटाक्ष करते हुए कहा कि भारत देश में महिलाएं महाराष्ट्र के शनि शिंगनापुर में स्थित शनिदेव के मंदिर में तेल चढ़ाने का अधिकार मांगने से पहले भारत देश में जन्म लेने का अधिकार मांगें। उन्होंने कहा कि कोख में कन्या भ्रूण की हत्या नहीं होनी चाहिए और ऐसी हत्या को रोकने का सामूहिक प्रयास
करना चाहिए। वे यहां एस.जी. हाइवे पर सोला विद्यापीठ में राष्ट्रीय क्रांतिकारी संत स्वामी वैराग्यनंदगिरी के सान्निध्य में रविवार को शुरू हुए पांच दिवसीय विश्व गो भक्त महासंत सम्मेलन को संबोधित कर रही थीं।


साध्वी ऋतंभरा ने सनातन धर्म के बारे में कहा कि भारत में यह धर्म महिलाओं को एक समान अधिकार देता है, जो अन्य धर्म नहीं देते। गाय को अपनी माता के रूप में पूजते आए हैं, लेकिन अब गाय कत्लखाने ले जाई जा रही हैं, इसके लिए हिंदू भी जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा कि हिन्दू यह समझते हैं कि हमारी संस्कृति कभी नष्ट नहीं हो लेकिन गंधार का नाम कंदहार हो गया, कश्मीर में श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन नहीं कर सकते। कश्मीरी पंडितों की हालत दयनीय बन गई है जो साबित करता है कि सनातन धर्म का पतन हो रहा है। कारण मात्र यह है कि हिन्दू समाज के पास संगठन का अभाव है। गाय को पशुपालक आवारा छोड़ देते हैं और यह गाय प्लास्टिक सहित कचरा खाती हैं, जिसके कारण अनेक गायेंं सड़क पर ही तड़पती देखने को मिलती हैं।
समारोह के मुख्य आयोजक राष्ट्रीय क्रांतिकारी संत स्वामी वैराग्यनंदगिरी ने कहा कि गायों को बचाने के लिए संत, महंत एवं समस्त हिन्दू समाज को आगे आने की जरूरत है। हिन्दू धर्म में माता का स्थान रखने वाली गाय आज कत्लखाने में पहुंच रही हैं। गो रक्षकों की हिम्मत की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि वे अपना जीवन दाव पर लगाकर गाय की रक्षा कर रहे हैं।

हरियाणा से आई साध्वी देवा ठाकुर ने चेतावनी देते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने यदि गोमांस के मुद्दे पर गंभीरता नहीं दिखाई तो आगामी चुनावों में उत्तर प्रदेश में भी बिहार जैसे परिणाम के लिए तैयार रहे। उन्होंने गायों को बचाने के लिए समग्र देश के संत-महंतों को अपने मठों से बाहर आने की अपील की।


भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम रूपाला ने गायों की खराब स्थिति के संबंध में कहा कि आज हमारी जीवनशैली के कारण गायों का महत्व घटा है। उज्जैन के महामंडलेश्वर स्वामी स्वरूपानंदगिरी ने कहा कि गाय को बचाने के लिए सक्षम व्यक्तियों को एक गाय गोद लेनी चाहिए जिससे गाय को कत्लखाने ले जाने से बचाया जा सके, इसके अलावा लोगों को गोशाला में जाकर अपना जन्मदिन मनाना चाहिए।

इस मौके पर चैतन्य शंभू, दाहोद के महामंडेश्वर स्वामी शिवानंद, महामंडलेश्वर स्वामी परमानंदगिरी, साध्वी सत्यप्रिया, स्वामी गोविंदबापू, साध्वी साक्षी, अहमदाबाद पश्चिम के सांसद डॉ. किरीट सोलंकी सहित बड़ी संख्या में संत-महंत और गोभक्त उपस्थित रहे।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो