scriptकण-कण से गूंजा राजस्थान | Rajasthan was coined by atom | Patrika News
अजमेर

कण-कण से गूंजा राजस्थान

राजस्थान दिवस पर जवाहर रंगमंच में
आयोजित संभाग स्तरीय समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम में

अजमेरMar 31, 2015 / 10:58 pm

मुकेश शर्मा

अजमेर।राजस्थान दिवस पर जवाहर रंगमंच में आयोजित संभाग स्तरीय समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम में राजस्थानी लोक गीतों की गंूज रही। विद्यार्थियो ने राजस्थानी संस्कृति पर आधारित गीतों पर नृत्य की प्रस्तुतियां दी।


जिला प्रशासन व पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान मे आयोजित कार्यक्रम मे छात्र-छात्राओं ने नाचे गोरी बाजे…, रे छमक-छमक…कण-कण सूं गूंजे म्हारो राजस्थान…, रूण-झुण बाजे…, चम-चम चमके…जैसे गीतों पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियां दी। छात्राओ के कालबेलिया नृत्य ने भी दाद बटोरी। कला अंकुर संस्थान के कलाकारो ने अजमेर स्मार्ट सिटी पर नाटक का मंचन किया।

संभागीय आयुक्त डॉ. धर्मेन्द्र भटनागर ने अजमेर शहर को स्मार्ट बनाने एवं हैरिटेज सिटी घोषणा पर विचार व्यक्त किए। मुख्य अतिथि शिक्षा राज्य मंत्री वासुदेव देवनानी थे।


अतिथियो ने संभाग स्तर पर अधिकारियों, कर्मचारियों एवं समाजसेवी लोगो को सम्मानित किया। कार्यक्रम में जिला कलकटर आरूषि ए. मलिक, अतिरिक्त कलक्टर किशोर कुमार शर्मा व हरफूलसिंह यादव, एडीए आयुक्त स्नेहलता पंवार, पर्यटन विभाग उपनिदेशक हजारीलाल शर्मा सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन वृतिका शर्मा व अनिल कुमार जैन ने किया। अजमेर विकास प्राधिकरण की ओर से सूचना केन्द्र में अमेजिंग अजमेर फोटो प्रदर्शनी का शुभारम्भ किया गया। मुख्य अतिथि शिक्षा राज्यमंत्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि अजमेर ऎतिहासिक, धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक रूप से अद्भुत शहर है।


हम सब मिलकर इसे स्मार्ट व हैरिटेज सिटी के रूप मे विकसित करेंगे। देवनानी ने कहा कि राजस्थान के कण-कण मे गौरवशाली इतिहास बिखरा पड़ा है। कार्यक्रम में संभागीय आयुक्त डॉ. धर्मेन्द्र भटनागर, जिला कलक्टर डॉ. आरूषी मलिक ने भी अजमेर के प्राकृतिक सौन्दर्य एवं हैरिटेज महत्व पर विचार व्यक्त किए।

गोरबंद से अनजान


अरबन हाट बाजार मे आयोजित संगीत संध्या कार्यक्रम में जोधपुर-जैसलमेर से आए लोककलाकारो ने उद्योग मेलार्थियो का मंनोरंजन किया। कलाकार राहुल भाट ने गोरबंद नखरालो… गीत की प्रस्तुति के साथ ही श्रोताओ से पूछा कि यहां गोरबंद का अर्थ कौन-कौन जानता है। इस पर कोई भी व्यक्ति गोरबंद का अर्थ नहीं बता सका। इसके बाद कलाकार ने बताया कि मारवाड़ में घोड़े के मुंह पर बांधी जाने वाली सजावटी सामग्री को गोरबंद कहा जाता है।

अजमेर की झांकी छाई


राजधानी जयपुर में आयोजित प्रदेश स्तरीय समारोह में अजमेर संभाग की अद्भुत अजमेर झांकी ने विशेष छाप छोड़ी। झांकी में अजमेर की ऎतिहासिक, धार्मिक व प्राकृतिक स्थलो सहित अजमेर की धरा के सदियों पुराने महत्व को दर्शाया गया है। समारोह में किशनगढ़ के कलाकारों ने चरी नृत्य व केकड़ी के कलाकारों ने अलगोजा वादन प्रस्तुत किया। अजमेर के कव्वाल दल ने ख्वाजा साहब की शान में कव्वालियां प्रस्तुत की। साथ ही झांकी में पुष्कर के ब्रह्मा मंदिर के सम्मुख श्रद्धालुओ को पूजा करते दिखाया गया।

संस्कृति से रूबरू


लायनेस क्लब अजमेर सर्वउमंग की ओर से नया बाजार स्थित द्रोपदी देवी सीनियर सैकण्डरी स्कूल में राजस्थान की संस्कृति से रूबरू कराने के लिए चित्रकला, निबंध व सुलेख प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें कक्षा 9 व 10 की छात्राओं ने भाग लिया। क्लब सचिव आभा गांधी के अनुसार प्रतियोगिता में करीब 400 छात्राओं ने प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

क्लब अध्यक्ष ज्योत्सना मित्तल ने बताया कि प्रतियोगिता में विजेता छात्राओं को निर्णाटक मंडल के परिणाम अनुसार पुरस्कृत किया जाएगा। इस अवसर पर अजय रावत ने मिट्टी से आकर्षक रंगोली सजाई। कार्यक्रम में महेन्द्र जैन मित्तल,राजेन्द्र गांधी, शकुंतला मित्तल, कविता अग्रवाल, शाला स्टाफ उपस्थित थी।
राजकीय संग्रहालय में प्रदर्शनी का समापन

अजमेर. राजकीय संग्रहालय मे पुरामहत्व की वस्तुओ की प्रदर्शनी का समापन सोमवार को किया गया। संभागीय आयुक्त डॉ. धर्मेन्द्र भटनागर ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर सराहना की। इस मौके पर इंटैक के संयोजक महेन्द्र विक्रमसिंह ने संभागीय आयुक्त को अजमेर में एक स्थायी आर्ट गैलेरी विकसित करने का सुझाव दिया।

छाए खिलाड़ी

अजमेर. राजस्थान दिवस पर सूचना केन्द्र से जवाहर रंगमंच तक रन फॉर राजस्थान का आयोजन किया गया। इसमें राष्ट्रीय स्तर पर खेलो मे दमखम दिखा चुके खिलाड़ी, प्रशासनिक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए। कार्यक्रम में पुलिस का मसक बैण्ड की स्वरलहरी ने देशभक्ति व राजस्थानी लोककला का संचार किया।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो