scriptखेत में मिला अज्ञात महिला का शव | Unidentified woman's body found in field | Patrika News

खेत में मिला अज्ञात महिला का शव

locationचित्तौड़गढ़Published: Mar 21, 2015 11:13:00 pm

रतनपुरा चोराहे से सालीवाला
मार्ग पर सरसों के खेत में शुक्रवार सुबह अज्ञात महिला का शव मिला

संगरिया। रतनपुरा चोराहे से सालीवाला मार्ग पर सरसों के खेत में शुक्रवार सुबह अज्ञात महिला का शव मिला। इससे आसपास सनसनी फैल गई। पुलिस का खोजी कुत्ता भी कोई सुराग नहीं लगा सका। थाना प्रभारी विजय मीणा ने बताया कि शुक्रवार सुबह नौ बजे चरवाहों से सालीवाला मार्ग पर ईदगाह के पास खेत में 25-30 वर्षीय अज्ञात महिला का अर्द्ध नग्न शव होने की सूचना मिली। इस पर पुलिस उप अधीक्षक आरडी स्वामी, थाना प्रभारी व अन्य मौके पर पहुंचे। महिला के दोनों हाथ व एक पैर कटा हुआ मिला।

शव के पास एक दस्ताना तथा टूटी व साबुत प्लास्टिक की चूडियां पड़ी थी। मृतका ने पीले रंग की चैकदार सलवार-कुर्ता पहना है। मृतका की आंखें व जीभ बाहर निकली थी। पुलिस का अनुमान है कि शव कई दिन पुराना है जो क्षत-विक्षत हालत में है। मौके पर पुलिस को कोई सुराग नहीं लगा तो हनुमानगढ़ से खोजी कुत्ता बुलाया गया लेकिन वो भी हनुमानगढ़ मार्ग पर कुछ दूर चलकर रूक गया। पुलिस महिला की हत्या कर शव फैंकने की आशंका जताई है। पुलिस ने दोपहर बाद शव का राजकीय चिकित्सालय में पोस्टमार्टम करवाया। पुलिस ने आसपास के लोगों से जानकारी जुटाकर गुम महिलाओं की फोटो से शव का मिलान किया पर कोई जानकारी नहीं मिली।

उधर गांव चौटाला रोही से रविवार को लापता महिला का कोई सुराग नहीं लगा। उसके परिजन भी अज्ञात महिला का शव मिलने की सूचना पर चिकित्सालय पहुंचे। सादुल वितरिका की आरडी 23 के पास चौटाला रोही निवासी सावित्री (50) पत्नी धर्मपाल मेघवाल की चप्पल, स्वेटर व चुनरी मिलने के बाद से परिजन उसकी तलाश कर रहे हैं पर महिला का सुराग नहीं लगा।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो