खेतड़ी। अरब सागर में क्रैश हुए भारतीय नौसेना
के विमान हादसे के जख्मों की आंच से झुंझुनूं भी अछुता नहीं रहा। हादसे की
शिकार हुई खेतड़ी के सेफरागुवार की लाडली बेटी लेफ्टिनेंट किरण शेखावत का शव
गुरूवार को बरामद हुआ। इससे पूर्व सुबह गांव में जैसे ही किरण के विमान हादसे का
पता चला उसके दादा मूलसिंह शेखावत व दादी भी दिल्ली पहुंच गए।
किरण का पूरा
परिवार दिल्ली में ही रहता है। दादा व दादी कभी कभार गांव आते हैं। इधर, किरण के
साथ विमान में सवार उदयपुर के लेफ्टिनेंट पायलट अभिनव नागौरी का गुरूवार देर शाम तक
पता नहीं चल सका।
पिता और पति भी नौसेना में
किरण पिछले माह छुट्टी लेकर
परिवार के शादी समारोह में शामिल होने जयपुर आई थी। शादी 20 फरवरी की थी। किरण के
पिता विजेन्द्र सिंह शेखावत भी नौसेना से लेफ्टिनेंट के पद से सेवानिवृत हैं। किरण
कंवर की शादी नौ सेना में लेफ्टिनेंट हरियाणा के कुरथला निवासी विवेकसिंह छोकर के
साथ हुई है।