scriptशराब पीकर समुद्र में स्नान करने से रोका तो पुलिस पर किया हमला | Drink and bathe in the sea prevented an attack on police | Patrika News

शराब पीकर समुद्र में स्नान करने से रोका तो पुलिस पर किया हमला

locationकोलकाताPublished: Sep 28, 2016 10:25:00 pm

शराब पीकर समुद्र में स्नान करने से मना करने पर 6 पर्यटकों ने सोमवार शाम मंदारमणि में पुलिसकर्मियों

kolkata

kolkata

कोलकाता।शराब पीकर समुद्र में स्नान करने से मना करने पर 6 पर्यटकों ने सोमवार शाम मंदारमणि में पुलिसकर्मियों और होटल मैनेजर पर हमला कर दिया। हमले में होटल मैनेजर के सिर में गंभीर चोट आई है। पुलिस ने इस मामले में 3 महिलाओं सहित 6 पर्यटकों को गिरफ्तार किया। उन्हें मंगलवार को कांथी कोर्ट में पेश किया, जहां दो महिलाओं को एक हजार रुपए के निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया। बाकी 4 जनों को अदालत ने 14 दिन के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों का नाम अजय कुण्डू, अनिर्वान कुण्डू, मोहित सिंह, राहुल मंडल, वर्षा कुण्डू, संगीता शर्मा बताया है। सरकारी कर्मचारी के काम में बाधा देने व मारपीट की धाराओं के तहत इनको हिरासत में लिया गया। इनके साथ रही एक महिला इस पूरी घटना में शामिल नहीं थी इसलिए पुलिस ने उसे छोड़ दिया।

पुलिस ने घायल होटल मैनेजर का नाम विश्वनाथ मिद्दा बताया है। उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि घायल महिला सिपाही का नाम पिंकी चौधरी है।
पुलिस ने बताया कि अलीपुर के साहा कॉलोनी से 4 दुपहिया से 7 पर्यटक रविवार को मंदारमणि पहुंचे। इन्होंने होटल में 2 कमरा किराए पर लिया। सोमवार को इन्होंने होटल में शराब पी, फिर शाम चार बजे शराब की बोतल लेकर समुद्र में स्नान करने जाने लगे। होटल के कर्मचारियों ने इन्हें नशे की हालत में और बोतल लेकर समुद्र तट पर जाने से मना किया। फिर भी वर्षा कुण्डू और संगीता शर्मा समुद्र में स्नान करने गई। वहां तैनात ग्रीन पुलिस ने दोनों को रोका।


इससे इनके दोस्त भड़क गए। ग्रीन पुलिस को पीटना शुरू कर दिया। बीच बचाव करने होटल मैनेजर विश्वनाथ पहुंचा। आरोपियों ने उसके सिर पर प्रहार कर दिया। उसके सिर में गंभीर चोट लग गई। खबर पाकर मंदारमणि कोस्टल थाना से एक सहायक उपनिरीक्षक और महिला पुलिस मौके पर पहुंची। आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया। महिला सिपाही पिंकी चौधरी के पेट पर लात मार दी। फिर पूरी पुलिस टीम मौके पर पहुंची।


पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि पुलिस के भय के कारण तीन आरोपियों ने खुद को कमरे में बंद कर लिया। बाथरूम का कांच तोड़कर भागने लगे। स्थानीय सुरक्षा कर्मियों की मदद से पुलिस ने इन तीनों को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार दो महिलाओं और चार पुरुष आरोपियों को कांथी कोर्ट में पेश किया गया जहां से कोर्ट ने दो महिलाओं को एक हजार रुपए के निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया। 4 आरोपियों को कोर्ट ने 14 दिन के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया।


नहीं थम रही घटनाएं

इससे पहले गत 21 अगस्त को मंदारमणि समुद्र तट पर दो वाहनों की टक्कर में तीन युवकों की जान चली गई थी। वाहन से शराब की बोतलें मिली थी। जबकि गत 17 सितम्बर को मंदारमणि समुद्र तट पर शराब के नशे में स्नान करने के दौरान विप्रो के तीन आईटी कर्मी डूब गए थे। इन दोनों घटनाओं के बाद पूर्व मिदनापुर के पुलिस अधीक्षक अलोक राजोरिया ने मंदारमणि में समुद्र तट पर वाहनों को ले जाने और समुद्र तट पर शराब पीने या शराब पीने के बाद समुद्र में स्नान करने पर प्रतिबंध लगा दिया है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो