scriptअब राम मंदिर नहीं ये मुद्दा होगा विधानसभा चुनाव का! | Union Minister Nitin Gadkari lays foundation stone of 2000 Crore Rs Project | Patrika News

अब राम मंदिर नहीं ये मुद्दा होगा विधानसभा चुनाव का!

locationआगराPublished: Dec 10, 2016 06:25:00 pm

केंद्र यूपी विधानसभा 2017 के लिए निशाना साध रहा है।

Union Minister Nitin Gadkari

Union Minister Nitin Gadkari

आगरा। केंद्र यूपी विधानसभा 2017 के लिए निशाना साध रहा है। केंद्रीय परिवहन और जहाजरानी मंत्री नितिन गडकरी ने आगरा में शनिवार को कड़ाके की ठंड में करीब 2000 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कर सूबे की सियासत में गर्मी पैदा कर दी है। केंद्रीय मंत्री ने यूपी में एक के बाद एक कई योजनाओं को गिनाकर साफ कर दिया कि भारतीय जनता पार्टी विधानसभा चुनाव 2017 में भगवाकरण और राममंदिर से अलग होकर विकास के मुद्दे को जनता के बीच ले जाना चाह रही है। 

कोहरे के चलते देरी से पहुंचे मंत्री
आगरा के जीआईसी ग्राउंड में नितिन गडकरी कोहरे की वजह से करीब दो घंटे की देरी से कार्यक्रम स्थल पहुंचे। मंच पर उन्होंने अपने सम्बोधन में कहा कि आगरा ने दो—दो सांसद दिए हैं। आगरा के लोगों में जितना दम हो, वो मांग लें, वो उम्मीद से ज्यादा देने को तैयार हैं। उनके विभाग के पास पैसे की कोई कमी नहीं हैं। नितिन गड़करी ने 450 करोड़ की लागत से चार लेन बाईपास का लोकार्पण और 1000 करोड़ की लागत से आगरा बरेली मार्ग के शिलान्यास के साथ ही करीब 2000 करोड़ से अधिक की योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। नितिन गड़करी ने आगरा को उत्तरी बाईपास समेत कई अन्य योजनाओं को हरी झंडी दिखाई। 

तेजी से बदल रहा है देश
नितिन गडकरी ने कहा कि देश बड़ी तेजी से बदल रहा है। पिछली सरकारों की तुलना में बड़ी तेजी से सड़कों का निर्माण किया जा रहा है। पहले एक दिन में महज 2 किलोमीटर की सड़क बनती थी। आज 28 किलोमीटर की सड़क का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने देश में गन्ना किसानों को लाभ पहुंचाने के लिए एथनाइल से बसें चलाने की बात कही। कहा कि उनकी सरकार झूठा वादा नहीं करती है, पीएम मोदी के नेतृत्व में मजदूर, किसान और आम लोगों के लिए सरकार काम कर रही है। उन्होंने देश की नदियों पर जलमार्ग बनाने की बात कही। 

विकास की बात करते दिखे मंत्री
केंद्रीय मंत्री ने कई योजनाओं की सौगात देकर और अपनी उपलब्धियों को जनता के बीच रखकर स्पष्ट कर दिया कि भाजपा सूबे की सियासत में अब विकास के मुद्दे के साथ आगे बढ़ना चाहती है। इस दौरान वे आगरा के दोनों सांसदों की पीठ भी थपथपाने में पीछे नहीं रहे। 

ये रहे मौजूद
जनसभा में महानगर के नेताओं में महानगर अध्यक्ष विजय शिवहरे, शिवशंकर शर्मा, केशो मेहरा, विजय दत्त पालीवाल, प्रमोद गुप्ता, डॉ. रामबाबू हरित, बेबीरानी वर्मा, डॉ. धर्मेश, अश्वनी वशिष्ठ, हेमंत भोजवानी, भानु महाजन, अशोक पिप्पल, राजकुमार गुप्ता, बबलू लोधी, नवल तिवारी, जेडी शर्मा, अर्चना अग्रवाल, अशोक कोटिया, निहाल सिंह धाकड़, दिलीप वर्मा, नितिन पाटनी, संजीव चौबे, अनीता खरे, अभिषेक गुप्ता, प्रभुदयाल प्रजापति, जितेंद्र भारद्धाज, दीपक खरे, ललित चतुर्वेदी, निर्मला दीक्षित, रश्मि सिंह, प्रमेन्द्र जैन, उमेश तिवारी, रामवीर सोवरिया, विनोद अग्रवाल, धर्मवीर लोधी, प्रदीप राठौर, संजय जैन, मंगल सिंह चौहान, विनोद सारस्वत, धर्मेश चौहान, संदीप उपाध्याय, प्रदीप अग्रवाल, मोहन सिंह लोधी, सुधीर राठौर, प्रवेश दीक्षित, मनीष थापक, सह मीडिया प्रभारी दिनेश अगरिया और बॉबी वर्मा आदि मौजूद थे।






loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो