scriptआरएएस-प्री में 24079 पास, मैन्स फरवरी में | RAS-Prix to 24079, Men in February | Patrika News

आरएएस-प्री में 24079 पास, मैन्स फरवरी में

locationअजमेरPublished: Nov 30, 2015 06:05:00 am

राजस्थान लोक सेवा आयोग ने राजस्थान राज्य एवं अधीनस्थ सेवाएं भर्ती (प्री) पुन: परीक्षा 2013 का परिणाम

ajmer

ajmer

अजमेर।राजस्थान लोक सेवा आयोग ने राजस्थान राज्य एवं अधीनस्थ सेवाएं भर्ती (प्री) पुन: परीक्षा 2013 का परिणाम रविवार शाम जारी कर दिया। कुल 990 पदों के लिए आयोजित भर्ती परीक्षा में मुख्य परीक्षा के लिए 24 हजार 79 को सफल घोषित किया गया है। मुख्य परीक्षा 25 से 28 फरवरी तक होगी। 31 अक्टूबर को आयोजित परीक्षा के 29 दिन बाद रिजल्ट के साथ ही आयोग ने आंसर-की भी जारी कर दी है। कुल पदों की संख्या में से आठ पद घटा दिए गए हैं।

कट ऑफ माक्र्स (‘)

सामान्य 63.40
सामान्य महिला 49.42
एससी पुरुष 61.07
एससी महिला 43.36
एसटी पुरुष 63.40
एसटी महिला 49.42
ओबीसी पुरुष 63.40
ओबीसी महिला 49.42
एसबीसी 61.54

कम रही कट ऑफ

आरएएस प्री 2013 के रविवार को जारी परिणाम में सामान्य से लेकर सभी आरक्षित श्रेणियों में कट ऑफ 2014 में जारी परिणाम से बहुत कम रही है। आयोग प्रशासन कट ऑफ कम रहने का प्रमुख कारण नकल पर सख्ती मान रहा है वहीं जानकारों का कहना है कि प्रश्न पत्र को कठिन होने के कारण कट ऑफ कम रही है। गत 26 अक्टूबर 2013 को आयोजित आरएएस प्री 2013 परीक्षा का परिणाम 11 जून 2014 को जारी किया गया था। उसमें सामान्य और ओबीसी सामान्य की कटऑफ 78.18 अंक थी। 31 अक्टूबर को दोबारा आयोजित की गई आरएएस प्री 2013 का परिणाम रविवार को जारी किया गया। रविवार को जारी परिणाम में सामान्य और ओबीसी सामान्य की कटऑफ गिरकर 63.40 अंक रही। 2014 में सामान्य महिला की कटऑफ 65.71 अंक थी, इस बार 49.42 अंक रही है। सामान्य विधवा की कटऑफ 30.22 अंक थी जो इस बार मात्र 0.47 अंक रही है, इसी प्रकार सामान्य परित्यक्ता महिला की कटऑफ गत बार 59.47 अंक थी इस बार 45.69 अंक रही है।

पिछली बार से डेढ़ हजार ज्यादा सफल

आरएएस प्री 2013 परीक्षा के जून 2014 में जारी परिणाम में 22 हजार 568 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित किया गया था। आरएएस प्री 2013 के दोबारा आयोजन के बाद रविवार को जारी परिणाम में पहले से डेढ़ हजार अधिक अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया है। इस बार मुख्य परीक्षा के लिए 24 हजार 79 अभ्यर्थी सफल हुए हैं।

परिणाम घोषित ये चला घटनाक्रम

राजस्थान लोक सेवा आयोग की ओर से 3 जून 2013 को राज्य सेवा के 354 और अधीनस्थ सेवा के 644 पदों के लिए राजस्थान राज्य एवं अधीनस्थ सेवा भर्ती परीक्षा के लिए आवेदन मांगे गए।

आरपीएससी ने आवेदन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2013 निर्धारित की। उसके बाद अंतिम तिथि को बढ़ाकर 10 अगस्त 2013 किया गया।
आरपीएससी को अंतिम तिथि तक 4 लाख 7 हजार 855 आवेदन पत्र प्राप्त हुए।
आरपीएससी ने 26 अक्टूबर 2013 को सभी जिला मुख्यालयों पर आरएएस प्री 2013 परीक्षा आयोजित की।
11 जून 2014 को आरपीएससी ने आरएएस प्री 2013 का परिणाम घोषित किया। परीक्षा में 998 पदों की मुख्य परीक्षा के लिए 22 हजार 568 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया।
आरएएस प्री की वरीयता सूची की जांच में सामने आया कि टॉप 50 लोगों में अधिकांश व्यक्ति एक ही परिवार से हैं। तीन चार परिवार ऐसे मिले जिनमें एक ही परिवार के अभ्यर्थी टॉप 50 में वरियता सूची में थे। आयोग को शक होने पर वरीयता सूची की जांच कराई गई। मामले में सरकार ने एसओजी की जांच दी। एसओजी की जांच रिपोर्ट में आरएएस प्री 2013 का प्रश्न पत्र लीक होने का मामला सामने आया।
10 जुलाई 2014 को आयोजित फुल कमीशन की बैठक में लिए गए निर्णय के तहत आरपीएससी ने आरएएस प्री 2013 परीक्षा को निरस्त कर दिया।

आठ पद हो गए कम

आरएएस-प्री 2013 में राज्य सेवा के 8 पद कम हो गए हैं। गत वर्ष राज्य सेवा के 354 और अधीनस्थ सेवा के 644 सहित कुल 998 पदों के लिए परीक्षा आयोजित की गई थी। आयोग की ओर से रविवार को परिणाम जारी करने से पहले पदों के वर्गीकरण में राज्य सेवा के पदों की संख्या 354 से घटाकर 346 की गई है। राज्य कारागार सेवा के लिए पहले तीन पद रखे गए थे, नए वर्गीकरण में कारागार सेवा में एक भी पद नहीं रखा गया है। इसी प्रकार दूसरी सेवाओं में पांच पद कम करते हुए राज्य सेवा के 346 पद किए हैं। अब कुल 990 पदों के लिए भर्ती की जा रही है।

दो महीने में होनी थी

आरपीएससी के सचिव नरेश कुमार ठकराल ने 11 जुलाई 2014 को आरएएस प्री 2013 परीक्षा निरस्त करने का आदेश जारी करते हुए दो महीने में दोबारा परीक्षा आयोजित कराने को कहा था। लेकिन उसके बाद आयोग पर एसओजी और एससीबी की कार्रवाई के बाद तत्कालीन अध्यक्ष हबीब खान गौरान ने त्यागपत्र दे दिया। आयोग में करीब 11 महीने तक अध्यक्ष का पद खाली रहा।


 अध्यक्ष का पद खाली रहने पर आयोग के वरिष्ठ सदस्य आर.डी. सैनी को कार्यवाहक अध्यक्ष बनाया गया। आएएस प्री में आयोग के कार्यवाहक अध्यक्ष सैनी सहित दो अन्य सदस्यों के रिश्तेदार भी परीक्षा में शामिल होने के कारण उन्होंने परीक्षा नहीं कराई। इस वर्ष अगस्त में ललित के. पंवार के आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किए जाने के बाद उन्होंने 31 अक्टूबर 2015 को दोबारा आरएएस प्री कराने की घोषणा की। आरएएस प्री परीक्षा का दोबारा आयोजन ठीक दो वर्ष चार दिन का समय लगा।

कट ऑफ का तुलनात्मक विवरण

श्रेणी 2014 2015
1.सामान्य सामान्य 78.18 63.40
महिला 65.71 49.42
विधवा 30.2 0.47
परित्यक्ता 59.47 45.63
2. अनुसूचित जाति सामान्य 73.86 61.07
महिला 56.12 43.36
विधवा 31.65 0.47
3. अनुसूचित जनजाति सामान्य 78.18 63.40
महिला 61.39 49.42
विधवा 30.22 0.47
4. ओबीसी सामान्य 78.18 63.40
महिला 65.23 49.42
विधवा 33.22 0.47
5. एसबीसी सामान्य 75.30 61.54
6. बीएल-एलवी 32.61 17.78
7. विकलांग 30.22 01.86
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो