scriptआखिरी बहस में जीतीं हिलेरी, बहस में भारतीय अर्थव्यवस्था की गूंज | Clinton won the last Presidential debate, echo of the Indian economy in debate | Patrika News
अमरीका

आखिरी बहस में जीतीं हिलेरी, बहस में भारतीय अर्थव्यवस्था की गूंज

अमरीकी राष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए रिपब्लिकन दावेदार डोनाल्ड ट्रंप और उनकी डेमोक्रेटिक प्रतिद्वंद्वी हिलेरी क्लिंटन के बीच आखिरी सीधी बहस में हिलेरी ने जीत दर्ज की।

Oct 21, 2016 / 05:52 am

शिव शंकर

Only 7% Indian Americans Want Trump as President

Only 7% Indian Americans Want Trump as President

लॉस वेगास। अमरीकी राष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए रिपब्लिकन दावेदार डोनाल्ड ट्रंप और उनकी डेमोक्रेटिक प्रतिद्वंद्वी हिलेरी क्लिंटन के बीच आखिरी सीधी बहस में हिलेरी ने जीत दर्ज की। यूनिवर्सिटी ऑफ नेवादा में 90 मिनट तक चली इस बहस में दोनों के बीच निजी आरोप-प्रत्यारोप से लेकर कई मुद्दों पर तीखी जुबानी जंग हुई। भारत की आर्थिक विकास दर और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन चर्चा के केंद्र में रहे। साथ ही ट्रंप का यह बयान कि चुनाव हार जाते हैं तो इसके नतीजों को स्वीकार करेंगे काफी चर्चा का विषय रहा।

महिलाओं पर अश्लील टिप्पणी को लेकर विवादों में घिरे ट्रंप को इस बहस का बेसब्री से इंतजार था। बहस के बाद उन्होंने प्रदर्शन पर संतोष भी जताया। लेकिन, नतीजे वे नहीं बदल पाए। पूर्व की दो बहस की तरह ही इस बार भी बाजी हिलेरी के ही हाथ लगी।

सीएनएन के सर्वे के अनुसार 52 फीसद लोगों ने हिलेरी को और 39 फीसद ने ट्रंप को पसंद किया। ब्रिटवाट के सर्वे में हिलेरी को 59.3 और ट्रंप को 40.65 फीसद मत मिले। ट्रंप से जब बहस के दौरान चुनाव में संभावित धांधली के उनके दावों और हार की स्थिति में उनके रुख के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, मैं उसी समय इसके बारे में बताऊंगा। मैं आपको रहस्य में रखूंगा। इसके जवाब में हिलेरी ने कहा कि ट्रंप की टिप्पणी डराने वाली है। हिलेरी ने कहा कि कुछ भी ट्रंप के खिलाफ जाता है तो वह तुरंत ‘धांधली’ की शरण में चले जाते हैं।

भारत और चीन की उच्च वृद्धि दरों का हवाला देते हुए ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी अर्थव्यवस्था चरमरा रही है। नौकरी की स्थिति बेहद खराब है। देश अपना कारोबार गंवा रहा है। हमारे उत्पाद दुनियाभर से आ रहे हैं। अर्थव्यस्था में जान फूंकने की अपनी प्रतिद्वंद्वी की योजना की आलोचना करते हुए उनकी कराधान योजना को त्रासदी बताया। ट्रंप ने कहा कि वह राष्ट्रपति के रूप में देश की अर्थव्यवस्था को बढ़ाने पर जोर देंगे और देश की वार्षिक विकास दर 5 से 6 फीसदी तक ले जाएंगे। उन्होंने कहा कि यदि हिलेरी जीतती हैं तो देश की विकास दर शून्य से कम होगी।

फॉक्स न्यूज के क्रिस वालेस द्वारा अर्थव्यवस्था के बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में ट्रंप ने कहा,”मैंने भारत के कुछ उच्च दृष्टांतों को छोड़ दिया। वे आठ फीसद की दर से वृद्धि कर रहे हैं। चीन सात फीसद की दर से बढ़ रहा है।यह उनके लिए बहुत छोटी संख्या है, जबकि हम एक फीसद से थोड़ा ज्यादा की दर से वृद्धि कर रहे हैं।” हिलेरी के पति पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन को मुक्त व्यापार संधि के लिए दोषी ठहराते हुए कहा कि यह अब तक की सबसे खराब संधियों में से एक है।

बहस के बाद वाशिंगटन पोस्ट की ओर से जारी सर्वे में ट्रंप ने हिलेरी को बड़े अंतर से मात दी है। उन्हें 77 फीसद और हिलेरी को महज 17 फीसद लोगों ने पसंद किया। रिपब्लिकन उम्मीदवार के लिए राहत की खबर सीएनएन का भी सर्वे देता है। इस बार सीएनएन के सर्वे में हिलेरी को उनसे 13 फीसद आगे बताया गया है, जबकि पूर्व के दो बहस में यह आंकड़ा 35 और 23 फीसद था।

Home / world / America / आखिरी बहस में जीतीं हिलेरी, बहस में भारतीय अर्थव्यवस्था की गूंज

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो