scriptनाइजीरिया : बोको हराम ने अगवा किए 500 बच्चे | Boko Haram crisis: 'About 500' Nigerian children missing | Patrika News

नाइजीरिया : बोको हराम ने अगवा किए 500 बच्चे

Published: Mar 26, 2015 12:36:00 am

पूर्वोत्तर नाइजीरिया के शहर दामास्क में आतंकवादी संगठन बोको हराम ने मंगलवार को 500 बच्चों को अगवा कर लिया

अबुजा। पूर्वोत्तर नाइजीरिया के शहर दामास्क में आतंकवादी संगठन बोको हराम ने मंगलवार को 500 बच्चों को अगवा कर लिया। अगवा किए गए बच्चों की उम्र 11 साल और उससे कम है। नाइजीरिया का यह शहर पहले बोको हराम के कब्जे में था। लेकिन नाइजर और चाड के सैनिकों ने मार्च की शुरूआत में इस शहर को उसके कब्जे से वापस ले लिया था। एक वेबसाइट के अनुसार, अगवा किए गए बच्चों की उम्र 11 साल और उससे कम है।

एक रिपोर्ट के मुताबिक उत्तरी बोर्नो राज्य का प्रतिनिधित्व करने वाले सीनेटर मैना माजी लवान ने कहा, ‘दामास्क का मामला बिल्कुल अलग है, यहां पर कई सौ बच्चे लापता है। उन्होंने कहा, नाबालिगों को उन्होंने मदरसों को दे दिया है और 16 से 25 साल की उम्र के नौजवानों को उन्होंने अपने संगठन में भर्ती कर लिया है और अपने खतरनाक मंसूबों को अंजाम देने के लिए उनका प्रशिक्षण शुरू कर दिया है।’

अप्रैल 2014 में 200 लड़कियों को अगवा करने के मामले में पूरे विश्व में बोको हराम की आलोचना हुई थी। आतंकवादी संगठन ने इन लड़कियों को नाइजीरिया के बोर्नो प्रांत में स्थित चिबोक शहर के एक स्कूल से अगवा किया था।

एक वेबसाइट ने दामास्क के एक व्यापारी मालम अली के हवाले से बताया, जब उन्होंने (बोको हराम) शहर पर कब्जा किया था वे बच्चों को मदरसा में रखा करते थे। अगवा किए गए बच्चों में मालम का छोटा भाई भी शामिल है। संघर्ष के कारण कई परिवारों को शहर छोड़कर जाना पड़ रहा है। शहर में शासन बदलने के कारण यह पता लगाना नामुमकिन हो गया है कि कितने लोगों की मौत हुई और कितने लोग लापता है।

गौरतलब है कि पिछले सप्ताह ही दामास्क में एक पुल के नीचे 70 से अधिक लोगों के अवशेष मिले थे। माना जाता है कि यह आम नागिरकों के अवशेष थे जिन्हें आतंकवादियों ने मार दिया था।

बोको हराम ने अभी हाल ही में सार्वजनिक रूप से अंतर्राष्ट्रीय आतंकवादी गुट आईएसआईएस के समर्थन की घोषणा की थी। सन 2009 से बोको हराम की आतंकवादी गतिविधियां जारी हैं। इस दौरान उसने नाइजीरिया के विभिन्न क्षेत्रों में गोलीबारी, बम विस्फोट और हिंसक कार्यवाहियों को अंजाम दिया है जिसमें 13000 से अधिक लोग मारे गए जबकि पंद्रह लाख से अधिक लोग पलायन करने पर विवश हुए हैं।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो