रक्का। आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट की पोस्टर गर्ल 17 साल की समरा केसिनोविक की पीट पीटकर हत्या करने की जानकारी सामने आई है। समरा आतंकियों के चंगुल से भागने की कोशिश कर रही थी इसी दौरान सीरिया में उसे मार डाला गया। समरा अपनी दोस्त सबीना सेलिमोविक के साथ ऑस्ट्रिया से भागकर आईएस से जुड़ गई थी। इसके बाद दोनों आईएस के पोस्टर गर्ल के तौर पर नजर आती थी।
स्थानीय मीडिया के अनुसार रक्का शहर से भागकर आई ट्यूनीशिया की महिला ने दोनों के मारे जाने की जानकारी दी। वह समरा और सबीना के साथ ही रहती थी। इस साल की शुरुआत में समरा ने आईएस ज्वॉइन किया था। इस बारे में संयुक्त राष्ट्र के अधिकारियों ने बताया था वह सबसे पहले तुर्की की राजधानी अंकारा पहुंची फिर वहां से अदाना गई और यहां से सीरिया चली गई।
आईएस से जुडऩे के बाद वह पोस्टर गर्ल के रूप में काम करने लगी। पिछले दिनों समरा की फोटो सामने आई थी जिसमें वह एके-47 राइफल लिए खड़ी थी और उसके पास आतंकी भी खड़े थे। बताया जाता है कि वह आतंकी संगठन में लड़ाकों की भर्ती के लिए भी काम करती थी। संयुक्त राष्ट्र के काउंटर टेरेरिज्म कमिटी के एक्सपर्ट का कहना है कि हमें एक 15 साल की लड़की के मारे जाने की जानकारी है, साथ ही एक लड़की गायब थी। समझा जा रहा है कि यह वही लड़की है जो गायब हुई है।