scriptफ्रांस, कुवैत और ट्यूनीशिया में आतंकी हमले, 63 लोगों की मौत | Terrorist Attack on France, Kuwait and Tunisia, 54 people killed | Patrika News
एशिया

फ्रांस, कुवैत और ट्यूनीशिया में आतंकी हमले, 63 लोगों की मौत

फ्रांस, कुवैत और फिर ट्यूनीशिया में शुक्रवार शाम को आतंकी हमले हुए, 54 लोगों की मौत

Jun 27, 2015 / 07:32 am

भूप सिंह

Terrorist Attack

Terrorist Attack

पेरिस/कुवैत सिटी /टयूनिस। महज दो घंटे में तीन देश लहूलुहान हो गए। फ्रांस, कुवैत व टयूनीशिया। फ्रांस में शुक्रवार को संदिग्ध आतंकियों ने गैस फैक्ट्री पर हमला कर एक शख्स का सिर कलम कर दिया। वहीं आईएस ने कुवैत में शिया मस्जिद में फिदायीन हमला कर 25 लोग मार डाले तो ट्यूनीशिया के सौसे में रिसोर्ट पर हमले में कुछ विदेशियों समेत 37 लोग मारे गए।

टयूनीशिया : विदेशी सैलानी रहे निशाने पर
ट्यूनीशिया में सैलानियों के पसंदीदा सौसे के मरहबा रिसोर्ट के दो होटलों पर दो आतंकियों ने अंधाधुंध फायरिंग की। मृतकों में अधिकांश ब्रिटिश, जर्मन नागरिक हैं। सुरक्षा बलों की कार्रवाई में 1 हमलावर मारा गया। दूसरा फरार है। मारे गए हमलावर के पास एके-47 राइफल बरामद हुई है। जिम्मेदारी किसी ने नहीं ली। आईएस पर शक है।

कुवैत : शिया मस्जिद निशाना
कुवैत की राजधानी कुवैत सिटी में शिया मस्जिद अल-इमाम अल-सादिक में जुम्मे की नमाज के दौरान धमाका हुआ। आत्मघाती हमले में 25 लोगों की मौत हो गई। नमाज के वक्त मस्जिद में भीड़ थी। धमाके से अफरातफरी मच गई। हमले में 20 लोग घायल हुए हैं। टि्वटर पर जारी कुछ तस्वीरों में मस्जिद के मलबे में लोग दबे हुए दिख रहे हैं।

फ्रांस : गैस फैक्ट्री में फोडे बम
फ्रांस में पेरिस से 400 किमी दूर लियोन के पास सेंट क्वेंटिन फलेवियर में 2 संदिग्ध आतंकियों ने गैस फैक्ट्री में कई बम फोड़े। आतंकियों ने एक शख्स को बंधक बना सिर कलम कर दिया। मृतक एक हमलावर यासिन सल्ही का बॉस बताया जा रहा है। हमलावरों ने मृतक का सिर घटनास्थल से 30 फीट दूर तारबंदी पर लटका दिया। शव पर अरबी में बैनर लिखा था। इसके बाद फैक्ट्री में घुसकर हमला किया। किसी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली लेकिन आईएस पर शक है। यासिन को गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि दूसरा फरार है।

राष्ट्रपति ओलांद ने रद्द किया दौरा
गृह मंत्री बर्नाड कैजेन्यूव के मुताबिक, प्राथमिक जांच में पता चला कि दो लोग इस्लामी नारे लगाते एक कार से आए। कार मुख्य द्वार तोड़ते फैक्ट्री में घुसा दी। फिर कई बम फेंके। उधर, राष्ट्रपति फ्रास्वां ओलांद ब्रसेल्स में यूरोपीय संघ की बैठक छोड़कर स्वदेश लौट रहे हैं। उन्होंने इसे आतंकी हमला करार देते कहा कि यह कतई स्वीकार्य नहीं है।

6 माह में दूसरा हमला
जनवरी में आईएस आतंकी दो भाइयों ने मैग्जीन चार्ली हेब्दो के मुख्यालय पर हमला कर 17 लोगों को मार डाला था। आईएस इस हमले के जरिए यूरोप में फिर ताकत दिखाना चाहता है। शुक्रवार के तीनों हमले भी एक दूसरे से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।

Home / world / Asia / फ्रांस, कुवैत और ट्यूनीशिया में आतंकी हमले, 63 लोगों की मौत

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो