एक हफ्ते पहले ही राजधानी बमाको के एक होटल में बंदूकधारियों ने हमला किया था। इस हमले में 19 लोगों की मौत हो गई थी
लंदन। माली में संयुक्त राष्ट्र शांति रक्षकों के शिविर पर रॉकेट से किए गए हमले में गिनी के दो शांति रक्षकों और एक नागरिक की मौत हो गई है। एक हफ्ते पहले ही राजधानी बमाको के एक होटल में बंदूकधारियों ने हमला किया था। इस हमले में 19 लोगों की मौत हो गई थी और कुछ लोगों को बंधक भी बनाया गया था।
इस्लामी कट्टरपंथियों की हिंसा से जूझ रहे इस पश्चिमी अफ्रीकी देश में करीब दस हजार शांति सैनिक हैं। उत्तरी माली में कट्टरपंथियों की ओर से मिसाइल हमला सामान्य बात है। लेकिन, पहली बार शांतिरक्षक दल के शिविर को निशाना बनाया गया है। इस मिशन के संपर्क उप प्रमुख ओलिवर सलागदो ने हमले की पुष्टि करते हुए मृतक और घायल जवानों की राष्ट्रीयता बताने से इन्कार कर दिया।
2014 में ही संयुक्त राष्ट्र ने माली के लिए शांति अभियान को मंजूरी दी थी। इससे पहले माली के उत्तरी इलाकों से चरमपंथी संगठन इस्लामिक स्टेट को खदेडऩे के लिए फ्रांस के नेतृत्व में एक सैन्य अभियान चलाया गया था।
संयुक्त राष्ट्र ने माली में शांति बनाए रखने लिए अलग-अलग देशों के दस हजार लोगों की एक सेना बनाई है। इसमें सबसे बडी संख्या माली के पूर्व में अफ्रीकी देशों की है। कुछ लोगों ने संयुक्त राष्ट्र के इस अभियान की आलोचना भी की थी क्योंकि इसके लिए कोई शांति वार्ता नहीं हुई थी।
हाल के दिनों किसी शांति अभियान में सबसे ज्यादा मौत यहीं हुई है जिसमें 56 लोग मारे जा चुके हैं। शनिवार को हुए हमले का संदेह इस्लामिक स्टेट पर है जिसमें 14 लोग घायल हुए थे। खबरों के मुताबिक इसमें कई घायलों की हालत नाजुक है।