रामचंद्रपुर कॉलेज के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष व अभाविप नेता की गमछे से गला
घोंटकर उतारा मौत के घाट, दो दिन पूर्व अपने दोस्तों के साथ बाइक में
प्रेमिका से मिलने गया था मृतक
dead body
रामानुजगंज/सनावल. 2 दिन से लापता रामचंद्रपुर कॉलेज के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष व अभाविप नेता विनय ठाकुर का शुक्रवार को ग्राम अनिरूद्धपुर झुमका पहाड़ में नग्न अवस्था में शव मिलने से सनसनी फैल गई। इसकी सूचना मिलने पर मृतक के परिजन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि व अभाविप कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे।
आरोपियों ने गमछे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर नृशंस तरीके से गुप्तांग को भी जख्मी कर दिया था। मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ है और पुलिस इसी बिंदु पर जांच कर रही है। इस घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है और तनाव की स्थिति के मद्देनजर रामचंद्रपुर थाने में पुलिस बल भी तैनात कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम रामचंद्रपुर निवासी 24 वर्षीय विनय ठाकुर पिता इंद्रदेव ठाकुर रामचंद्रपुर कॉलेज का छात्र था। वह पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष व वर्तमान में अभाविप का सक्रिय नेता था। 19 अक्टूबर की रात लगभग 8.30 बजे वो अपने दोस्त दिनेश प्रजापति व जितेंद्र के साथ बाइक से रामचंद्रपुर से 3 किलोमीटर दूर ग्राम अनिरूद्धपुर में प्रेमिका से मिलने गया था।
वह प्रेमिका के घर से करीब 20 मीटर पहले बाइक से उतर गया और दोस्तों को बोला कि मैं 5 मिनट में फोन करूंगा तब आना। इसके बाद उसके साथी लौट गए लेकिन विनय का काफी देर बाद भी फोन नहीं आया। उसके देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजन परेशान होकर उसे खोजने लगे। उन्होंने 20 अक्टूबर को रामचंद्रपुर थाने में इसकी सूचना दी।
इस पर पुलिस के साथ ही परिजन व बड़ी संख्या में ग्रामीण विनय के खोजबीन में देर रात तक लगे रहे लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। इस पर गुरुवार को उसकी फिर से खोजबीन शुरू की गई और इसी बीच दोपहर लगभग 1 बजे ग्राम अनिरूद्धपुर के झुमका पहाड़ में नग्न अवस्था में उसका शव मिलने से सनसनी फैल गई।
इसकी सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। मृतक के मुंह में कपड़ा डालकर गमछे से गला घोंटकर हत्या करने के साथ ही आरोपियों ने उसके गुप्तांग को भी बुरी तरह से जख्मी कर दिया था। पुलिस ने पंचनामा बनाने के बाद शव को पीएम के लिए भेज दिया। इस घटना से गांव में तनाव की स्थिति निर्मित हो गई।
इसके मद्देनजर एडिशनल एसपी पंकज शुक्ला दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। एडिशनल एसपी ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी लेकर लोगों में आक्रोश देखकर रामचंद्रपुर थाने मेंं पुलिस बल तैनात कर दिया।
इधर नगर पंचायत अध्यक्ष रमन अग्रवाल, भाजपा नेता ललन यादव, सुनील तिवारी, मेहीलाल आयाम, करुणानिधि, पार्षद शैलेष गुप्ता, अभाविप जिला संयोजक अश्विनी गुप्ता, अजय यादव, राहुल गुप्ता, दीपक गुप्ता सहित बड़ी संख्या में अभाविप कार्यकर्ता पहुंचे। नेताओं ने घटना पर आक्रोश जताते हुए आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तार किए जाने की मांग की।
पुलिस ने मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 302 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। इस पूरे प्रकरण पुलिस प्रेम प्रसंग से जोड़कर देख रही है और इसी एंगल से जांच में जुट गई है।
फरार संदेही की तलाश जारी पुलिस के अनुसार इस मामले में जय सिंह नामक युवक संदेही है जो वारदात के बाद से ही फरार है। एसपी सदानंद कुमार ने मामले की गुत्थी सुलझाने 4 टीम का गठन किया है। पुलिस टीमें जय सिंह के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
अभाविप का कॉलेज बंद व चक्काजाम आज अभाविप ने विनय ठाकुर के हत्या में संलिप्त आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर पूरे जिले के कॉलेज बंद व चक्काजाम करने की बात कही है। इससे पुलिस पर आरोपियों को जल्द पकडऩे का दबाव बन गया है।
प्रेम-प्रसंग का है मामला पूरा मामला सीधे तौर पर प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ है। हमने 4 टीम का गठन किया है। जय सिंह प्रमुख संदेही है जिसकी तलाश जारी है। मृतक की हत्या में एक से अधिक आरोपी शामिल हैं। लोगों से अपील है कि शांति बनाएं रखें, इसे तूल न दें। हम बहुत जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लेंगे। सदानंद कुमार, एसपी, बलरामपुर-रामानुजगंज