script#बेमेतरा नगर पालिका : अब पैसे लेकर उठाएंगे घरों से कचरा | Bemetara : Now money will be collected for collecting garbage | Patrika News

#बेमेतरा नगर पालिका : अब पैसे लेकर उठाएंगे घरों से कचरा

locationबेमेतराPublished: Sep 24, 2016 11:48:00 pm

नगर पालिका क्षेत्र में सफाई कर्मचारी घर-घर जाकर कचरा इकट्ठा करेंगे। इसके लिए प्रत्येक घर से प्रति माह न्यूनतम 30-30 रुपए लिया जाएगा। टेंडर प्रक्रिया के बाद वास्तविक दर तय होगी।

Collecting garbage from home

Collecting garbage from home

बेमेतरा. नगर पालिका क्षेत्र में सफाई कर्मचारी घर-घर जाकर कचरा इकट्ठा करेंगे। इसके लिए प्रत्येक घर से प्रति माह न्यूनतम 30-30 रुपए लिया जाएगा। टेंडर प्रक्रिया के बाद वास्तविक दर तय होगी। शहरी विकास अभिकरण के फरमान के बाद शुल्क वसूली के लिए पालिका ने घरों का सर्वे शुरू कर दिया है।

शहरी विकास अभिकरण का फरमान
शहरी विकास अभिकरण द्वारा जारी फरमान में स्वच्छ भारत मिशन के सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के तहत बेेमेतरा नगर पालिका में मिशन क्लीन सिटी के अंतर्गत घर-घर कचरा उठाने के लिए यूजर चार्ज तय किया गया है। वर्तमान में नगर पालिका के 14 वार्डों से बिना किसी शुल्क के डोर टू डोर कचरा उठाया जा रहा है। अभिकरण के फरमान के बाद अब सभी 21 वार्डों से डोर टू डोर कचरा इकट्ठा किया जाएगा।

रोजाना डेढ़ क्विंटल कचरा
वर्तमान में नगर पालिका के सभी वार्डों से रोजाना डेढ़ क्विंटल कचरा निकलता है। कचरा उठाने और निपटारे के लिए पालिका के पास दो ट्रैक्टर और एक जेसीबी के अलावा हाथ के ठेले हैं। वर्तमान मे मुक्तिधाम के करीब खाली पड़ी शासकीय जमीन पर कचरा डंप किया जा रहा है। यह अस्थाई व्यवस्था है। स्थाई व्यवस्था (ट्रैंचिंग पिट) के लिए शहर से आठ किमी दूर पिपरभट्ठा में दस एकड़ चिन्हित किया गया है, जिसके लिए काम किया जा रहा है।

करा रहे हैं घरों का सर्वे
बेमेतरा नगर पालिका के सीएमओ होरी सिंह ठाकुर ने बताया कि क्षेत्र के अंतर्गत मासिक शुल्क लेकर डोर टू डोर कचरा उठाने का आदेश मिल चुका है। अब पालिका क्षेत्र में स्थित घरों की संख्या का सर्वे किया जा रहा है, जिसके सही जानकारी मिल सके। वहीं नपा अध्यक्ष विजय सिन्हा का कहना है कि प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। स्वीकृति मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से घरों से लिए जाने वाले शुल्क का निर्धारण होगा। शहर के सभी घरों से डोर टू डोर कचरा उठाया जाएगा।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो