scriptनव संवत्सर: नए साल में खुशी देगा शुक्र, इन राशियों पर सालभर बरसेगी कृपा | hindu new year gudi padwa | Patrika News
भोपाल

नव संवत्सर: नए साल में खुशी देगा शुक्र, इन राशियों पर सालभर बरसेगी कृपा

शुभागमनः विक्रम संवत 2073 का कल से होगा शुरू, किसान और व्यापारियों  के लिए होगा विशेष फलदायी…।

भोपालApr 07, 2016 / 11:08 am

Manish Gite

astrology

astrology

भोपाल। हिन्दू नववर्ष का आगाज शुक्रवार को चैत्र शुक्ल प्रतिपदा गुड़ी पड़वा के साथ होगा। सौम्य नाम का यह संवत्सर लोगों की उम्मीदों को पूरा करेगा। ज्योतिषियों का कहना है कि साल का राजा शुक्र होने के कारण लोगों की सुख सुविधाओं में वृद्धि होगी, वहीं मंत्री और मेघेष बुध होने के कारण यह साल किसान और व्यापारियों के लिए भी शुभ फलदायी रहेगा। पं. विष्णु राजौरिया के अनुसार सौम्य नामक संवत्सर पूरे वर्ष में शुभता प्रदान करेगा। लोगों की सुख सुविधाओं में बढ़ोतरी होगी।


इस बार रोहिणी का वास पर्वत में और समय का वास कुंभकार के घर में होने के कारण और मेघेष बुध होने से पिछले साल से अच्छी बारिश होगी, इस साल सामान्य बारिश के आसार हैं, लेकिन फसलों के लिहाज से पर्याप्त बारिश होगी और अनाज की पैदावार बेहतर होगी। इसी तरह व्यापारिक क्षेत्र में भी उन्नति होगी।


60 प्रकार के होते हैं संवत्सर 
ज्योतिष मठ संस्थान के पं. विनोद गौतम ने बताया कि नवसंवत्सर हर साल अलग-अलग नामों से आते हैं। इस साल सौम्य नाम संवत्सर है। संवत्सर 60 अलग-अलग नामों से है, जिसमें सौम्य 43 वें नंबर का संवत्सर है। इस तरह हर संवत्सर 60 साल बाद दोबारा आता है। इस समय रुद्र बीसी चल रही है, जिसका यह तीसरा संवत्सर है। यह संवत्सर काफी शुभकारी है। ग्रहीय स्थिति के अनुसार वर्ष में कई सफलताएं मिलेंगी, लेकिन ग्रहों के राजा सूर्य के पास इस बार एक भी विभाग नहीं है, इसलिए जल संकट जैसी स्थिति का सामना भी करना पड़ सकता है। 


राशियों के लिहाज से एेसा होगा नया साल
मेष : अनुबंध, नवीन व्यापार के लिहाज से शुभ रहेगा। राजकीय विषयों में उतार चढ़ाव के साथ सफलता मिलेगी। मानसिक असंतोष रहेगा, साथ ही व्यापार, व्यवसाय में अपने मधुर व्यवहार से सफलता प्राप्त कर सकते हैं। 


वृषभ : सामाजिक कार्यों में प्रभाव बढ़ेगा, नवीन पद, प्रतिष्ठा के प्रस्ताव मिलेंगे लेकिन इस पर अपनी कार्यक्षमता के अनुसार ही निर्णय ले। सामाजिक और आर्थिक क्षेत्र में उन्नति होगी।


मिथुन : नवीन क्रय, भवन, भूमि, वाहन आदि खरीदी के लिए यह वर्ष अच्छा रहेगा। स्वास्थ्य और दिनचर्या में मन अनुकूल स्थिति रहेगी। व्यापारिक क्षेत्र में प्रगति होगी और कोष में बढ़ोतरी होगी।


कर्क : आकस्मिक व्यवहार और नवीन कार्यों में व्यवधान, आर्थिक स्थिति के अनुसार ही नवीन कार्यों के लिए निर्णय ले। आर्थिक लाभ बना रहेगा।


सिंह : सांसारिक सुख सुविधाओं में वृद्धि होगी, विरोधियों से तनाव होगा। अवरोध आएंगे लेकिन सफलता मिलेगी। नित्य जीवन में दिनचर्या नियंत्रित करे।


कन्या : नवीन कार्य, योजना का शुभारंभ, व्यापार, व्यवसाय में प्रगति, शिक्षा संबंधी कार्यों में सफलता मिलेगी। पारिवारिक और सामाजिक क्षेत्र में प्रगति होगी।


तुला : आकस्मिक व्यय, आय व्यय में असमानता अवरोधक बन सकती है, लेकिन राजकीय संबंधों का सदुपयोग कर संतुलन बना सकते हैं।


वृश्चिक : लोभ और प्रलोभ में अनैतिक कार्यों से बचे। नई योजना में सावधानी बरतें योग्यता के अनुसार कार्य करें।

धनु : पारिवारिक सुख-सुविधाओं में वृद्धि के कारण खर्च की अधिकता बनी रहेगी। राजकीय कार्यों में अपव्यय आर्थिक चिंता दे सकती है। 

मकर : उत्साह और कार्यक्षमता में वृद्धि और नवीन अनुबंध की कार्ययोजना सफल होगी। सामाजिक और राजनीतिक सफलता मिलेगी। स्वास्थ्य बेहतर रहेगा। बेहतर योजना बना कर काम करने पर सफलता प्राप्त होगी।

कुम्भ : राजनीतिक, पारिवारिक दृष्टि से समय उत्तम रहेगा। नए आयाम स्थापित होंगे। कार्ययोजना में सफलता मिलेगी। स्वास्थ्य बेहतर होगा।

मीन : आपकी कला, पात्रता और योग्यता का सम्मान होगा। नवनिर्माण एवं मांगलिक कार्यों में सफलता मिलेगी। किसी महत्वपूर्ण कार्य के होने से सामाजिक सम्मान मिलेगा।





loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो