script5 साल की सजा, 2 दिन की अंतरिम जमानत, घर लौटे सलमान | 2002 Hit and run case: Salman Khan gets 2 days Interim bail | Patrika News

5 साल की सजा, 2 दिन की अंतरिम जमानत, घर लौटे सलमान

Published: May 06, 2015 11:02:00 pm

2002 के हिट एंड रन मामले में सलमान खान को बांबे हाई कोर्ट से दो दिन की अंतरिम जमानत मिल गई है

salman khan

salman khan

मुंबई। बॉम्‍बे हाई कोर्ट से सलमान खान को बड़ी राहत मिली है। हाई कोर्ट में सलमान खान की जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए उन्‍हें दो दिन की अंतरिम जमानत दे दी हैं। इसके बाद सेशन कोर्ट पहुंचकर इस बात की जानकारी दी गई और फैसले की कॉपी सेशन कोर्ट पहुंचाई गई। जमानत की प्रक्रिया पूरी हो जाने के बाद सलमान सेशन कोर्ट से छूट गए हैं और अपने घर गैलेक्सी अपार्टमेंट में अपने परिवार के साथ हैं।

हालांकि मामले की सुनवाई शुक्रवार को फिर होगी। सेशन कोर्ट के फैसले के खिलाफ सलमान की बहन अलवीरा और वकील हरिश साल्‍वे जमानत याचिका के लिए बॉम्‍बे हाई कोर्ट पहुंचे थे।

बताया जा रहा है कि जज ने निचले कोर्ट के फैसले की कॉपी को पढने में लगे समय को देखते हुए उन्‍हें दो दिन की अंतरिम जमानत दे दी है। हालांकि इसके पीछे यह भी कहा जा रहा है कि वकील साल्‍वे ने कहा कि अभी तक सलमान जमानत पर हैं और उन्‍होंने कानून के किसी भी नियम का उल्‍लंघन नहीं किया, जिसको आधार मानकर उन्‍हें जमानत दे दी जाए।

सलमान की जमानत याचिका पर शाम 4 बजे सुनवाई होनी थी, लेकिन जज ने जब कोर्ट से फैसले की कॉपी मांगी तो वह लाने में आधा घंटा लग गया, जिसके बाद उसको पढने में समय लगा। हालांकि जज उसे पूरा नहीं पढ़ पाए।

हिट एंड रन केस मामले में कोर्ट ने सलमान खान को पांच साल की सजा सुनाई गई है। अब उन्हें आर्थर रोड़ जेल भेजा जा सकता है, उन्हें सीधे जेल भेजा जाएगा। वहीं इस मामले में सलमान के वकीलों ने जमानत के लिए बोम्बे हाईकोर्ट में अपील कर दी है। इस पर शाम चार बजे सुनवाई होगी।

इससे पहले कोर्ट ने गैर इरादतन हत्या के आरोप में सलमान को दोषी करार दिया। सुबह सवा 11 बजे कार्यवाही शुरू होने के बाद कोर्ट ने कहाकि आप पर सभी आरोप साबित होते हैं। उस दिन सलमान ही गाड़ी चला रहे थे और वे नशे में थे। साथ ही लाइसेंस भी नहीं था। आपको इसपर क्या कहना है। इसके बाद सलमान के वकील ने सजा को लेकर जिरह की। उनके वकीलों ने तीन साल तक ही सजा देने को कहा था।

जमानत में हो सकती है मुश्किल
तीन साल से ज्यादा सजा होने पर हाईकोर्ट से ही जमानत मिलती है। हालांकि सलमान के लिए मुश्किल ये है 10 तारीख से कोर्ट की छुटि्टयां हो रही है और इसके चलते जमानत में देरी हो सकती है। जानकारों के अनुसार सलमान को जमानत मिलने में अगस्त तक का समय लग सकता है। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट के वकील आरके कपूर का कहना है कि पीडितों को क्षतिपूर्ति कर भी मामला निपटाया जा सकता है। अगर सजा हुई तो सलमान खान ऊपरी अदालत में जमानत के लिए अपील कर सकते हैं और उन्हें जमानत मिल सकती है। ऎसी स्थिति को अदालत की भाषा में सस्पेंशन ऑफ सेंटेंस कहा जाता है।

रो पड़ी बहन अल्वीरा, मां बेहोश
इससे पहले सुबह उनके पिता सलीम खान सलमान के घर पहुंचे। इसके बाद सलमान माता-पिता से गले मिलने के बाद अपनी बहनों अल्वीरा और अर्पिता के साथ कोर्ट पहुंचे थे। उनके भाई अरबाज खान और सोहैल खान अलग से कोर्ट पहुंचे। इस दौरान कोर्ट में सलमान का पूरा परिवार मौजूद है। दोषी करार दिए जाने के बाद सलमान की बहन अल्वीरा कोर्ट में ही रो पड़ी। बताया जाता है कि सलमान की आंखों में भी आंसू देखे गए। वहीं इस खबर के बाद घर पर मौजूद उनकी मां बेहोश हो गई। संगीता बिजलानी औ सोनाक्षी सिन्हा जैसे कई सितारे सलमान के घर पहुंचे।

क्या हुआ कोर्ट में
कोर्ट के फैसला देने के बाद दोनों पक्षों में सजा को लेकर बहस हुई। बचाव पक्ष ने कहाकि, सलमान के चैरिटी कार्य को देखते हुए सजा की अवधि कम होनी चाहिए। उनके ट्रस्ट ने 600 बच्चों की हार्ट सर्जरी के लिए 42 करोड़ रूपये दिए। सलमान के वकीलों ने कहाकि तीन साल से ज्यादा सजा नहीं दी जानी चाहिए। इस दौरान सलमान ने जज से कहाकि, मैंने ट्रायल के दौरान आम आदमी की तरह की तकलीफें सही और इसलिए उसी तरह से व्यवहार किया जाए न कि एक्टर के तौर पर। इसके बाद उनके वकील ने कहाकि 2002 में ही सलमान ने घायलों को 19 लाख रूपये दिए थे और यह मुआवजा ट्रायल से पहले ही दे दिया गया था। हालांकि सरकारी वकील प्रदीप घरत ने सलमान को 10 साल की सजा देने की मांग की।

मिलने पहुंचे शाहरूख
वहीं मंगलवार रात को सलमान से मिलने के लिए शाहरूख खान उनके घर पहुंचे। बताया जाता है कि दोनों के बीच केस को लेकर चर्चा हुई। सलमान केस के फैसले की तारीख के चलते मंगलवार को ही कश्मीर से लौटे थे। वे वहां पर बजरंगी भाईजान फिल्म की शूटिंग कर रहे थे। सलमान पर नशे में गाड़ी चलाने और फुटपाथ पर सोए लोगों पर गाड़ी चढ़ा देने का आरोप हैं। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और चार अन्य घायल हो गए थे।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो