मुंबई ने पहली बार शाहरुख का वेलकम थप्पड़ से किया था, जिसे वो आज तक नहीं भुला पाए…
मुंबई। यह बात उस वक्त की है, जब शाहरुख खान स्टार नहीं बने थे। यहां तक कि उन्हें खुद भी पता नहीं था कि एक दिन वो सुपरस्टार बन जाएंगे। लेकिन कहते हैं ना कि वक्त कभी एक जैसा नहीं रहता। जिंदगी के सफर में बहुत सारी घटनाएं घटती हैं, उनमें कुछ अच्छी होती हैं, तो कुछ बुरी…। जैसे-जैसे वक्त गुजरता जाता है, उनकी तस्वीरें भी धुंधली पड़ती जाती हैं। चूंकि कुछ घटनाएं ऐसी होती हैं, जो जेहन में हमेशा ताजा रहती हैं। अभिनेता शाहरुख खान के साथ भी कुछ ऐसा है।
एक वक्त था, जब वे आम इंसान थे, लेकिन आज आम के लिए बेहद खास हैं। पिछले दिनों फिल्म फैन के टे्रेलर लॉन्च के मौके पर उन्होंने अपने जीवन से जुड़ी कई बातें साझा कीं, उन्हीं में से एक है, जब वो पहली बार दिल्ली से ट्रेन द्वारा मुंबई आ रहे थे। असल में उनसे किसी न सवाल पूछा कि शाहरुख आप पहली बार मुंबई टे्रन से आए थे या प्लेन से? इस सवाल पर उन्हें एक ऐसा वाकया याद आया, जिसे उन्होंने शेयर किया, तो लोग हैरान रह गए।
शाहरुख ने बताया कि उस की यात्रा की यादें मेरे जेहन में आज भी ताजा हैं। उन्होंने कहा कि उस दिन में जो हादसा मेरे साथ हुआ, वह मेरे लिए भी हैरान कर देने वाला था। दरअसल हुआ यह कि जिस ट्रेन से मैं मुंबई आ रहा था, उसके बारे में मुझे नहीं पता था कि मुंबई पहुंचते ही लोकल ट्रेन बन जाती है। मेरा तो रिजर्वेशन था। मैं अपने सीट में किसी को क्यों बैठने देता। मैं लोगों को बैठने नहीं दे रहा था। मैं यह भी कह रहा था कि सीट मेरी है। मैंने रिजर्वेशन करवाया है, इसके लिए मैंने पैसे दिए हैं।
इसी दौरान मैंने मैंने एक महिला को बैठने की इजाजत दी और कहा कि आप बैठ जाइए, लेकिन मैं किसी और आदमी को मेरी बर्थ पर बैठाने की इजाजत आपको नहीं दूंगा। मेरे इतना ही कहते ही उस महिला ने मेरे गाल में जोर का थप्पड़ जड़ दिया। उसने कहा कि यह बर्थ तुम्हारी नहीं है, सभी की है। शाहरुख ने कहा-दोस्तो, मुंबई ने मेरा कुछ ऐसा ही स्वागत किया था, जिसे मैं आज तक नहीं भुला पाया हूं।
हम बता दें कि शाहरुख खान पहली बार मुंबई गौरी की तलाश में आए थे। असल में किसी बात को लेकर दोनों में झगड़ा हो गया था और गौरी रूठकर किसी को बिना बताए दिल्ली से मुंबई आ गई थीं। मुंबई में काफी दिनों तक वो गौरी को खोजते रहे और आखिरकार उन्होंने गौरी को ढूंढ़ ही निकाला था।