script

बोर्ड की प्रतिष्ठा पुन: दिलाना मेरा कर्तव्य : शशांक मनोहर

Published: Oct 04, 2015 09:14:00 pm

Submitted by:

Rakesh Mishra

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की रविवार को यहां हुई बैठक में शशांक मनोहर को सर्वसम्मति से बोर्ड का नया अध्यक्ष चुन लिया गया

Shashank Manohar

Shashank Manohar

मुंबई। शशांक मनोहर रविवार को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की विशेष आम बैठक (एसपीजी) में निर्विरोध अध्यक्ष चुन लिए गए। जगमोहन डालमिया का 20 सितंबर को निधन होने के बाद से ही बोर्ड अध्यक्ष पद रिक्त चल रहा था।

बीसीसीआई के संविधान के अनुसार, अध्यक्ष के निधन के 15 दिनों के भीतर एसजीएम बुलाए जाने की सूचना जारी करनी होती है, जिसमें अगले अध्यक्ष का चुनाव होता है। पेशे से वकील मनोहर इससे पहले भी 2008 से 2011 के बीच बोर्ड अध्यक्ष पद संभाल चुके हैं। पूर्व जोन के सभी छह संबद्ध खेल संघों ने शेष दो वर्ष के कार्यकाल के लिए मनोहर को नामांकित किया था।




रोटेशन प्रणाली के अनुसार, बोर्ड अध्यक्ष चुने जाने की बारी इस बार पूर्व जोन को थी और चूंकि मनोहर पद के लिए एकमात्र प्रत्याशी थे, उन्हें दोबारा अध्यक्ष पद के लिए निर्विरोध चुन लिया गया। मनोहर को नामांकित करने वाले छह लोगों में नेशनल क्रिकेट क्लब (एनसीसी) के प्रतिनिधि के तौर पर डालमिया के बेटे अभिषेक भी शामिल थे।

मनोहर के नाम की संस्तुति करने वाले अन्य लोगों में बंगाल से सौरभ गांगुली, त्रिपुरा से सौरभ दासगुप्ता, असम से गौतम रॉय, ओडिशा से आशिर्वाद बेहेरा और झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (जेएससीए) की ओर से संजय सिंह शामिल थे।




अध्यक्ष चुने जाने के बाद मनोहर ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, आप सभी की शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद। जैसा कि आप सभी जानते हैं बीसीसीआई एक ब्रांड है और कोई भी ब्रांड अपने प्रशंसकों के कारण बनता है। अब बोर्ड को उसकी प्रतिष्ठा वापस दिलाना हमारा कर्तव्य है।

उन्होंने कहा, डालमिया ने जिस दिशा में काम करना शुरू किया था, मैं उसे आगे बढ़ाऊंगा। मैं सर्वश्रेष्ठ संभव तरीके से अपने कत्वर्य का निर्वहन करूंगा। मुझे बोर्ड से संबंधित सभी मुद्दों पर विचार करने के लिए दो महीनों का समय चाहिए और इस अवधि में उन सारे मुद्दों पर वापस आपसे बात करूंगा।

बीसीसीआई सचिव अनुराग ठाकुर ने बोर्ड का नया अध्यक्ष चुने जाने पर उन्हें बधाई दी। अनुराग ने कहा, डालमिया के निधन के बाद हमें नए अध्यक्ष का चयन करना था और पूर्व जोन के सभी छह खेल संघों ने मनोहर का नाम प्रस्तावित किया और वह निर्विरोध चुन लिए गए।

अनुराग ने कहा, मनोहर ने अपने पिछले कार्यकाल में जितनी अच्छी तरह बोर्ड का काम किया वह हम सभी ने देखा है। अध्यक्ष मनोहर के मार्गदर्शन में भारतीय क्रिकेट का चहुंमुखी विकास होगा।

ट्रेंडिंग वीडियो