script

स्विजरलैंड ने यश बिड़ला समेत 5 भारतीयों के नाम उजागर किए

Published: May 26, 2015 06:30:00 pm

स्विटजरलैंड सरकार ने उन भारतीयों के नाम सार्वजिनक करने शुरू कर दिए हैं, जिनके
स्विस बैंक में खाते हैं

yash birla

yash birla

नई दिल्ली। स्विटजरलैंड सरकार ने उन भारतीयों के नाम सार्वजिनक करने शुरू कर दिए हैं, जिनके स्विस बैंक में खाते हैं। स्विस सरकार ने मंगलवार को पांच भारतीयों के नाम को सार्वजनिक किया है। इनमें यश बिड़ला, गुरजीत सिंह कोचर, रितिका शर्मा, सैयद मोहम्मद मसूद और चांद कौसर मोहम्मद मसूद के नाम शामिल हैं। यशोवर्धन बिड़ला यश बिड़ला समूह के चेयरमैन हैं। यह समूह देश के बिड़ला उद्योगपति घराने से जुड़ा है। वे घनश्यामदास बिड़ला के भाई के पड़पोते हैं। यश के माता-पिता की मौत एक विमान हादसे हो गई थी। उस समय वे 22 साल के थे। यश बिड़ला समूह का 2014 में 3000 करोड़ रूपए टर्नओवर था।

वहीं गुरजीत सिंह कोचर शराब कारोबारी पोंटी चड्ढा के दामाद हैं। पोंटी चड्ढा की 2012 में हत्या हो गई थी। बताया जाता है कि कोचर चड्ढा के वेव ग्रूप की कई कंपनियों में डायरेक्टर हैं। जबकि रितिका शर्मा दिल्ली की व्यवसायी हैं।

इससे पहले स्विटजरलैंड ने सोमवार को अपने देश में चल रही टैक्स चोरी की जांच में शामिल विदेशियों के नाम सार्वजनिक किए थे। इन विदेशियों में दो भारतीय महिलाओं के नाम भी शामिल हैं। जिन दो भारतीय महिलाओं के नाम स्विटजरलैंड ने सार्वजनिक किए हैं उनके नाम स्नेहलता और संगीता है। हालांकि इन दोनों ही महिलाओं की डेट ऑफ बर्थ के अलावा किसी भी अन्य जानकारी को सार्वजनिक नहीं किया गया है।

नामों को सार्वजनिक करने के बाद स्विस फेडरल टैक्स एडमिनिस्ट्रेशन (एफटीए) ने इन दोनों भारतीय महिलाओं से कहा है कि अगर वे ये नहीं चाहती हैं कि भारतीय ऑथोरिटीज के साथ उनकी डिटेल शेयर की जाए, तो वे 30 दिनों के भीतर एफटीए के समक्ष अपील दायर कर दें।

सूत्रों के मुताबिक विदेशी बैंकों में काला धन जमा होने की जांच कर रही एसआईटी के लिए ये बड़ी जीत है। एसआईटी ने दावा किया था कि स्विस बैंकों में 340 भारतीयों के खाते हैं और यहां तकरीबन चार हजार करोड़ रूपए से ज्यादा का कालाधन जमा है। इससे पहले स्विटजरलैंड ने ब्रिटिश, स्पेनिश और रूसी नागरिकों के नाम भी सार्वजनिक किए थे, लेकिन बर्थ डेट के अलावा इनकी भी किसी अन्य जानकारी को सार्वजनिक नहीं किया गया है।

ट्रेंडिंग वीडियो