चांदनी चौक मेट्रो स्टेशन से ट्रेन पकड़ी थी मेट्रो और नोएडा जा रहा था, राजीव चौक मेट्रो स्टेशन से उसे दूसरी मैट्रो में सवार होना था।
दिल्ली। राजधानी दिल्ली के सबसे व्यस्त मेट्रो स्टेशन राजीव चौक पर एक बड़े हादसे ने यात्रियों के होश फाख्ता कर दिए। शुक्रवार को यहां एक व्यक्ति ने खुद को गोली मार ली जिसके बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद युवक को राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक शिबेश नाम के इस युवक की उम्र 22 साल है और वह यूपी के फतेहपुर का रहने वाला है। शिबेश ने चांदनी चौक मेट्रो स्टेशन से ट्रेन पकड़ी थी और नोएडा जा रहा था। राजीव चौक मेट्रो स्टेशन से उसे दूसरी मैट्रो में सवार होना था। वह स्टेशन पर खड़ा ट्रेन का इंतजार कर रहा था, तभी उसने खुद को गोली मार ली। अभी तक यह साफ नहीं है कि ऐसा उसने जान बूजकर किया या यह उससे अनजाने में हो गया। क्योंकि प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उसने खुद को सर पर गोली मारने का प्रयास किया था, लेकिन गोली उसे कंधे पर जा लगी।
इस घटना ने दिल्ली मेट्रो के सुरक्षा तंत्र पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि किसी भी यात्री के मेट्रो स्टेशन में दाखिल होने से पहले सीआईएसएफ के जवान उसकी मैटल डिटेक्टर से जांच करते हैं। साथ ही एक्स-रे मशीन से प्रत्येक व्यक्ति द्वारा लाये ले जाने वाले सामान की भी जांच की जाती है। गोली चलने की आवाज सुनकर CISF के जवान मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना देने के साथ ही घायल युवक को अस्पताल भेजा।
अब इस बात पर भी सवाल उठ रहा है कि आखिर वह मेट्रो स्टेशन के अंदर रिवॉल्वर ले जाने में कामयाब कैसे हुआ? घटना की जांच शुरू कर दी गई है।
पता चला है कि वह अपने पिता के इलाज के लिए दिल्ली आया हुआ था। शिबेश के पिता अपोलो अस्पताल में भर्ती हैं। लोकल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि उसे रिवॉल्वर कहां से मिली और उसने खुद पर गोली क्यों चलाई।