scriptअबू सलेम गिरोह का शार्प शूटर गिरफ्तार | Delhi police arrest sharpshooter of Abu Salem | Patrika News

अबू सलेम गिरोह का शार्प शूटर गिरफ्तार

Published: Apr 19, 2015 09:01:00 pm

अबू सलेम के इशारे पर उसने सुप्रसिद्ध गायक दिलेर महेंदी और
फिल्म निर्माता राकेश रोशन पर भी गोलियां चलाई थीं

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने राजधानी के कश्मीरी गेट स्थित अंतरराज्यीय बस अड्डे के पास से अंडरवल्र्ड डॉन अबू सेलम के गिरोह के एक शार्प शूटर को गिरफ्तार किया है। संयुक्त पुलिस उपायुक्त रवीन्द्र यादव ने बताया कि आरोपी की पहचान जान उस्मान खान के रूप में हुई है और दिल्ली के सराय रोहिल्ला का रहने वाला है। वह हत्या, जाली नोट, तस्करी, वसूली आदि मामलों में आरोपी है।

उस्मान बॉलीवुड की सुप्रसिद्ध अभिनेत्री रवीना टंडन के पति अनिल थंडानी से जबरन वसूली के मामले में, हत्या और दिल्ली शस्त्र अधिनियम मामलों में अपराधी घोषित किया जा चुका है। वह हमेशा अवैध हत्यार लेकर घूमता रहा है। यादव के अनुसार, शार्प शूटर ने पूछताछ के दौरान बताया वह साल 1996 में मुंबई गया था और उस दौरान उसकी अबू सलेम के शार्प शूटर वसीम से मुलाकात हुई। वसीम फिल्म निर्माता एवं टी-सीरीज कैसेट कंपनी के मालिक गुलशन कुमार की हत्या के मामले में अभियुक्त है।

उसने सलेम से उसका परिचय कराया और उसके बाद वह अबू सलेम के गिरोह में शामिल हो गया। अबू सलेम ने जान उस्मान का परिचय आफताब भाटकी से कराया जो दुबई और क राची में नकली भारतीय मुद्रा का रैकेट चलाता है। उस्मान नेपाल और बांग्लादेश के रास्ते से नकली भारतीय मुद्रा का काम आगे बढ़ाने में शामिल हो गया। उसे साल 2000 में दिल्ली में गिरफ्तार किया गया था।

पुलिस अधीकारी ने कहा कि जेल से छूटने के बाद जान उस्मान अबू सलेम के निर्देश पर बॉलीवुड अभिनेताओं से जबरन धन वसूली करने के काम में शामिल हो गया। अबू सलेम के इशारे पर उसने सुप्रसिद्ध गायक दिलेर महेंदी और फिल्म निर्माता राकेश रोशन पर भी गोलियां चलाई थीं।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो