बदमाशों की पिटाई से परिवार के 5 अन्य लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत काफी गंभीर है
मेवात। हरियाणा के मेवात में बदमाशों के हौसले इतने बुलंद है कि उन्हें किसी का डर नहीं है। देश की राजधानी से सटे इस इलाके के एक गांव में बदमाशों ने ऐसी वारदात को अंजाम दिया है जिसे जानकर आपकी रूहें काप जाएंगी। बदमाशों ने तावड़ू इलाके के एक घर में घुसकर न केवल दंपती की हत्या कर दी बल्कि उनकी दो बेटियों के साथ बारी-बारी से गैंग रेप भी किया। गैंग रेप की एक पीड़ित लड़की नाबालिग है।
बदमाशों की पिटाई से परिवार के 5 अन्य लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत काफी गंभीर है। बुधवार देर रात जब परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे तभी पांच बदमाशों ने घर में घुसकर सबसे पहले परिवार के मुखिया को और उनकी पत्नी को पीटपीट कर मार डाला। फिर हमलावरों ने घर के बाकी लोगों की जमकर पिटाई की।
बदमाश यही नहीं रुके उनलोगों ने घर की लड़कियों के साथ गैंग रेप भी किया। एक रेप पीड़िता की उम्र 18 साल और दूसरी की 16 साल बताई गई है। पीड़ता ने बताया कि सभी बदमाश बारी-बारी से उनका रेप करते रहे। विरोध करने पर उन्होंने जान से मारने की धमकी भी दी। रेप करने के बाद बदमाशों ने दोनों लड़कियों को एक कमरे में बंद कर दिया और लूटपाट करने के बाद फरार हो गए। लड़की की मां को गंभीर हालत में हॉस्पिटल ले जाया जा रहा था लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
गैंगरेप की एक पीड़िता ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले गांव में ही उनका किसी से झगड़ा हो गया था, लिहाजा मामले को आपसी रंजिश से भी जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस ने बताया कि FIR दर्ज कर मामले की सभी ऐंगल से जांच की जा रही है।