script

प्रेम विवाह करने वाली बहन को चौराहे पर जिंदा जलाया

Published: Mar 06, 2016 11:53:00 am

आठ साल पहले प्रेम विवाह करने के बाद पहली बार गांव लौटी बहन को उसके भाई व अन्य परिजनों ने गांव के चौराहे पर केरोसिन
डालकर जला दिया

girl burnt

girl burnt

साबला (डूंगरपुर)। आसपुर थाना क्षेत्र के पचलासा छोटा गांव में ऑनर किलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आठ साल पहले प्रेम विवाह करने के बाद पहली बार गांव लौटी बहन को शुक्रवार देर रात उसके भाई व परिवार के अन्य लोगों ने गांव के चौराहे पर केरोसिन डालकर जला दिया। यही नहीं रातोंरात उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जलती चिता को बुझाया।

बांसवाड़ा से एफएसएल टीम पहुंची तथा साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मृतका के भाई सहित सात जनों को गिरफ्तार कर लिया है। क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिसबल तैनात किया गया है। सागवाड़ा उपाधीक्षक बृजराज सिंह चारण ने बताया कि पचलासा छोटा निवासी विजय सिंह पुत्र पहाड़ सिंह की पुत्री रामु उर्फ रमु उर्फ रामेश्वरी का विवाह करीब आठ साल पहले डलियों का वाड़ा निवासी माधवसिंह से हुआ था। शादी के साल भर बाद ही माधव को छोड़कर रामेश्वरी ने गांव के प्रकाश पुत्र कचरू लाल सेवक के साथ प्रेम विवाह कर लिया। उनकी तीन साल की बेटी भी है।

गुरुवार को रामेश्वरी अपनी बच्ची के साथ गांव आई तथा ससुराल में ही थी। शुक्रवार रात को भाई लक्ष्मण सिंह पुत्र विजय सिंह, चचेरा भाई प्रवीण सिंह व परिवार के 30-35 लोग रामेश्वरी के ससुराल पहुंचे और उसे घसीटते हुए चौराहे पर लाए। फिर केरोसिन उड़ेल कर आग लगा दी। बाद में शव श्मशान घाट पर ले जाकर अंतिम संस्कार कर दिया। घटना के वक्त मृतका की सास कलावती देवी व देवरानी भावना पत्नी जितेंद्र सेवक मौजूद थे। बीचबचाव करने पहुंची सास से भी हमलावरों ने मारपीट की।

हत्या का प्रकरण दर्ज
पुलिस ने बताया कि कलावती की रिपोर्ट पर लक्ष्मणसिंह, प्रवीणसिंह सहित अन्य के खिलाफ हत्या कर सबूत मिटाने का प्रकरण दर्ज कर लिया है। लक्ष्मण व प्रवीण से पूछताछ की जा रही है।

ट्रेंडिंग वीडियो