script

निर्भया गैंगरेप: दुष्कर्मी के इंटरव्यू पर उठे सवाल, केस दर्ज

Published: Mar 03, 2015 11:24:00 pm

निर्भया रेप कांड के दोषी के इंटरव्यू पर विवाद बढ़ गया है, दिल्ली पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है

नई दिल्ली। पूरे देश को हिलाकर रख देने वाले निर्भया गैंगरेप मामले में एक बार फिर उबाल आ गया है। इसी केस में तिहाड़ जेल मेकैद एक दोषी मुकेश सिंह द्वारा बीबीसी और ब्रिटिश फिल्मकार लेसली उडविन को इंटरव्यू दिए जाने के बाद दिल्ली पुलिस ने एक केस दर्ज किया है। उधर, केंद्रीय गृहमंत्रालय ने सख्त आपत्ति जताते हुए तिहाड़ जेल अधिकारियों से मामले की रिपोर्ट तलब की है। दिल्ली पुलिस प्रमुख बीएस बस्सी ने कहा, मैं मीडिया से आग्रह करता हूं कि इस मसले को न दिखाएं। इस इंटरव्यू का प्रसारण रोकने के लिए पुलिस मुख्य मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट के पास जाएगी।

दोषी ने पीडिता को ही बताया कसूरवार
निर्भया कांड के एक दोषी मुकेश सिंह ने बीबीसी को दिए एक इंटरव्यू में कहा है कि अगर पीडिता चुप रहती, प्रतिरोध नहीं करती तो उसकी जान नहीं जाती। उसके कुतर्क करते हुए कि जो महिलाएं रात को बाहर निकलती हैं वो बदमाशों का शिकार बनने के लिए खुद ही जिम्मेदार होती हैं। गौरतलब है कि 16 दिसंबर 2012 को निर्भया के साथ दिल्ली में चलती बस में गैंगरेप हुआ था। इसके बाद पांचों ने उसकी बेरहमी से हत्या कर दी थी। मुकेश इन्हीं लोगों में से था, जो उस वक्त बस चला रहा था। कोर्ट में उसके खिलाफ पेश अहम सबूतों के आधार पर उसे मौत की सजा सुनाई गई।

निर्भया के परिजन नाराज
मुकेश के बयान को निर्भया के माता-पिता ने बकवास बताया है। उन्होंने कहा कि ये जघन्य अपराध का दोषी है। ऎसे अपराधियों को सिर्फ फांसी होनी चाहिए। पिता ने न्यायिक व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि हमारी न्यायिक प्रणाली में कुछ चूक है, जिसकी वजह दुष्कर्मी इस तरह के बयान दे रहे हैं।

राजनाथ ने पूछा- इंटरव्यू कैसे हुआ, मामला शर्मनाक
गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने तिहाड़ जेल की सलाखों में कैद दोषी के इंटरव्यू को शर्मनाक करार दिया। उन्होंने तिहाड़ जेल के महानिदेशक आलोक कुमार वर्मा से पूछा है कि हिरासत में मौजूद दोषी का इंटरव्यू कैसे हो गया। मामला बड़ी चूक का उदाहरण है।

ट्रेंडिंग वीडियो