scriptदिल्ली : अदालत परिसर में वकील का शव मिला, एक गिरफ्तार | Lawyer's Body Found Near Delhi's Tis Hazari Court, a man arrested | Patrika News
क्राइम

दिल्ली : अदालत परिसर में वकील का शव मिला, एक गिरफ्तार

दिल्ली की तीस हजारी जिला अदालत परिसर में शुक्रवार को 40 वर्षीय वकील का शव बरामद हुआ है

Apr 17, 2015 / 07:53 pm

भूप सिंह

नई दिल्ली। दिल्ली की तीस हजारी जिला अदालत परिसर में शुक्रवार को 40 वर्षीय वकील का शव बरामद हुआ है। वकील के सिर पर चोट के निशान हैं। पुलिस ने बताया कि इस संबंध में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है और तीन को हिरासत में लिया गया है। वकील राजीव शर्मा का शव परिसर के वकीलों के चैंबर टी-ब्लॉक के भोजनालय के नजदीक सुबह छह बजे मिला। एक पुलिस अधिकारी ने बताया, “प्रथम दृष्टया यह धारदार हथियार से हत्या का मामला लग रहा है।” मूल रूप से हिमाचल प्रदेश से ताल्लुक रखने वाले शर्मा दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-16 के निवासी थे।

माथे पर धारदार हथियार से चोट के निशान
पुलिस के अनुसार, भोजनालय में हाथापाई के बाद शर्मा के सिर पर धारदार हथियार से वार किया गया है। सूत्रों ने बताया कि राजस्थान के जोधपुर निवासी धन्ना राम चौधरी को गिरफ्तार किया गया है और भोजनालय के तीन अन्य कर्मचारियों को हिरासत में लिया गया है। यह भोजनालय वकील मनोज सिंह का है। चौधरी ने पूछताछ के दौरान पुलिस को बताया कि वकील शर्मा शराब पीकर भोजनालय में आए थे और कुछ मुद्दे पर उनसे गर्मागरम बहस हुई थी, जिसके बाद दोनों में हाथापाई हुई। भोजनालय के कुछ अन्य कर्मचारी भी उनसे हाथापाई करने लगे और इसमें से एक ने शर्मा पर धारदार वस्तु से वार किया। पुलिस घटना में अन्य कर्मचारियों की भूमिका की जांच कर रही है।

मृत वकील के हाथ-पैर बंधे हुए मिले
पुलिस ने बताया कि शर्मा का शव चैंबर नंबर-30 से 20 मीटर दूर सड़क पर पड़ा हुआ था। पुलिस अधिकारी ने बताया, “शर्मा का हाथ-पैर बंधा हुआ था तथा उसके माथे पर धारदार हथियार से चोट के निशान थे।” अधिकारी ने बताया, “हमने सीढियों पर खून के धब्बे देखे। यह स्पष्ट है कि वकील की रात में भोजनालय में हत्या कर दी गई होगी और शुक्रवार सुबह सड़क पर शव फेंक दिया गया होगा।” तीस हजारी अदालत के वकीलों ने इसके विरोध में प्रदर्शन किया और वे हड़ताल पर चले गए। सभी जिला अदालतों के बार काउंसिल की समन्वय समिति के अध्यक्ष आर.के.वाधवा ने कहा, “”शहर के वकीलों ने परिसर के अंदर शर्मा की हत्या के विरोध में शुक्रवार को सभी काम ठप रखने का फैसला किया है।”

Home / Crime / दिल्ली : अदालत परिसर में वकील का शव मिला, एक गिरफ्तार

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो