scriptपुणे गोल्डमैन हत्याकांड : 9 आरोपी 21 जुलाई तक पुलिस हिरासत में | Pune goldman murder case : 9 accused sent to police custody till July 21 | Patrika News
क्राइम

पुणे गोल्डमैन हत्याकांड : 9 आरोपी 21 जुलाई तक पुलिस हिरासत में

सभी नौ आरोपियों को शनिवार को खाडकी के दंडाधिकारी के समक्ष पेश किया गया,
जिन्होंने सबको 21 जुलाई तक के लिए पुलिस हिरासत में सौंप दिया

Jul 17, 2016 / 12:59 am

जमील खान

Goldman Muder case

Goldman Muder case

पुणे। पुलिस ने शनिवार को कहा कि सोने की शर्ट पहनने के कारण ‘गोल्ड मैन’ नाम से मशहूर पुणे के करोड़पति दत्ता डी. फुगे की हत्या उसके बेटे के उन दोस्तों ने की है, जिनसे फुगे ने कथित रूप से डेढ़ लाख रुपये लिए थे। फुगे को रात में बुलाने के लिए उन लोगों ने एक जन्मदिन पार्टी झूठा प्रलोभन दिया था। ‘पिंपरी गोल्डमैन’ के नाम से चर्चित फुगे पर यहां दिघी के पास शुक्रवार सुबह तलवार, चाकू, डंडे और दरांती से हमला किया गया था। उसके बाद बड़े पत्थरों से मार-कर उसकी हत्या कर दी गई।

गोल्डमैन के बेटे शुभम डी. फुगे के बयान के आधार पर तेजी से कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। चार अन्य जो फरार थे, उन्हें शनिवार को गिरफ्तार किया गया। इनके अलावा तीन और सहयोगियों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी जारी है।

सभी नौ आरोपियों को शनिवार को खाडकी के दंडाधिकारी के समक्ष पेश किया गया, जिन्होंने सबको 21 जुलाई तक के लिए पुलिस हिरासत में सौंप दिया। शुक्रवार को इस मामले में अमोल उर्फ बल्ली के. पाथारे (24), शैलेश एस. वाल्के (26), विशाल डी. पार्खे (32), निवरुत्ती उर्फ बालुकिशन वाल्के (35) और प्रमोद एस. धोलपुरिया (23) पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था।

पुलिस के अनुसार, गुरुवार को करीब 10 बजे रात में मुख्य अभियुक्त अतुल मोहिते ने शुभम को यह याद दिलाने के लिए फोन किया कि वह एक दोस्त के जन्मदिन पार्टी में अपने पिता को भी लेता आए। मोहिते ने शुभम को यह भी कहा था कि वह रास्ते में पार्टी के लिए 10 पार्सल बिरयानी और दो पैकेट सिगरेट ले लेगा।

शुभम ने यह संदेश अपने पिता को दे दिया और अपनी कार से साथी रोहन पांचाल के साथ खाने के पैकेट लाने चला गया। जब वे पार्टी के लिए तय जगह पर पहुंचे तो देखा कि मोहिते और अन्य उसके पिता पर हमला कर रहे हैं। उसने अपनी कार रोकी और मदद के लिए चिल्लाना शुरू कर दिया।

लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। बहुत अधिक खून बह रहा था और बुरी तरह जख्मी अवस्था में पड़े फुगे निर्जन स्थान पर आखिरी सांसें ले रहे थे। इस घटना को देखकर शुभम एवं पांचाल ने पुलिस नियंत्रण कक्ष को फोन किया और घटना की जानकारी दी। अंधेरे का लाभ उठाकर मोहिते और करीब 10 अन्य फरार हो गए।

इस घटना के प्रमुख प्रत्यक्षदर्शी शुभम एवं पांचाल ने बाद में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। फुगे की पत्नी सीमा भी वारदात स्थल पर पहुंच गई। जांच के दौरान खुलासा हुआ कि इस जघन्य अपराध के पीछे वे 1.5 लाख रुपये थे, जिसे फुगे को अभियुक्तों को लौटाना था। तड़क-भड़क वाली जीवनशैली के लिए चर्चित फुगे सामान्य तौर पर हथियारबंद निजी अंगरक्षकों को लेकर चलता था। यह स्पष्ट नहीं है कि उस रात वे उसके साथ क्यों नहीं थे।

वर्ष 2012 में फुगे तब सुर्खियों में आया था, जब उसने एक करोड़ रुपये में 22 कैरेट शुद्ध सोने की शर्ट बनवाई, जिसमें बटन के रूप में छह चमकदार नगीने लगे थे। वह इसके साथ उसकी डिजाइन से मिलती-जुलती सोने की बेल्ट पहनता था।

उसका मुख्य व्यवसाय सूद पर पैसा देना था। इसके अलावा वह पत्नी के साथ ‘वक्रतुंड चिट फंड प्राइवेट लिमिटेडÓ नाम से कंपनी चलाता था। हाल के समय में उसके खिलाफ वित्तीय गड़बड़ी की शिकायतें मिली थीं। उसकी सोने की कमीज को दुनिया की सबसे महंगी कमीज करार दिया गया था। वह करीब 3.5 किलोग्राम शुद्ध सोने से बना था। उसे पुणे के रांका ज्वैलर्स ने बनाया था।

उस शर्ट पर 14 हजार से अधिक सोने के फूल बने हैं और बारीक मखमल पर एक लाख से अधिक सितारे जड़े हैं। कहा गया था कि वह सामान्य कपड़े के जितना ही पहने में आरामदेह है।

Home / Crime / पुणे गोल्डमैन हत्याकांड : 9 आरोपी 21 जुलाई तक पुलिस हिरासत में

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो