scriptसूरत : केजरीवाल की रैली से पहले आप विधायक गिरफ्तार | Surat : AAP MLA arrested just before rally of Arvind Kejriwal | Patrika News

सूरत : केजरीवाल की रैली से पहले आप विधायक गिरफ्तार

Published: Oct 16, 2016 06:11:00 pm

सिंह की गिरफ्तारी से पहले केजरीवाल ने भाजपा अध्यक्ष अमित शाह पर आरोप
लगाया था कि वह सूरत में आप की रैली विफल करने के लिए हरसंभव कोशिश कर रहे
हैं

Gulab Singh

Gulab Singh

सूरत। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की यहां आयोजित रैली से कुछ घंटे पहले ही आम आदमी पार्टी (आप) के गुजरात प्रभारी और विधायक गुलाब सिंह को रविवार को गिरफ्तार कर लिया गया। दिल्ली पुलिस की टीम ने गुलाब सिंह को गिरफ्तार किया। गुलाब सिंह सप्ताह भर से गुजरात में डेरा डाले हुए थे। उन्हें हिरासत में लेने के बाद एक दंडाधिकारी के समक्ष पेश किया गया, और उनकी ट्रांजिट रिमांड की मांग की गई। गुलाब सिंह दिल्ली से आप के 14वें विधायक हैं, जिन्हें गिरफ्तार किया गया है।

गिरफ्तारी की आशंका के चलते गुलाब सिंह स्वयं नया सूरत के पुलिस आयुक्त सतीश शर्मा के समक्ष जाकर पेश हुए। जबकि दिल्ली पुलिस एक गैर जमानती वारंट के साथ सिंह को गिरफ्तार करने सूरत पहुंची थी। सिंह के खिलाफ यह वारंट दो दिन पहले ही जारी हुआ था, क्योंकि अवैध वसूली से संबंधित एक मामले में पूछताछ के लिए वह उपस्थित नहीं हो पाए थे।

सिंह की गिरफ्तारी से पहले केजरीवाल ने भाजपा अध्यक्ष अमित शाह पर आरोप लगाया था कि वह सूरत में आप की रैली विफल करने के लिए हरसंभव कोशिश कर रहे हैं। केजरीवाल इस समय तीन दिवसीय गुजरात दौरे पर हैं। रविवार उनके दौरे का अंतिम दिन है।

केजरीवाल ने ठीक यही आरोप गुरुवार रात दिल्ली से रवाना होने से पहले भी लगाया था। केजरीवाल ने संवाददाताओं से कहा, वारंट रैली से दो दिन पहले जारी किया गया था और दिल्ली पुलिस पार्टी के गुजरात प्रभारी गुलाब सिंह को गिरफ्तार करने आज पहुंची है।

उन्होंने कहा, यह भाजपा की हताशा को दर्शाता है। अमित शाह ने मेरे दौरे के खिलाफ विरोध प्रदर्शन आयोजित कराने की भी कोशिश की है। मैं उनसे अपील करता हूं कि रैली को बाधित न करें, क्योंकि यह आप की रैली नहीं है, बल्कि यह गुजरात के लोगों की रैली है।

सूरत के पुलिस आयुक्त के समझ पेश होने से पहले गुलाब सिंह ने संवाददाताओं से कहा कि उनके खिलाफ सभी आरोप निराधार हैं। उन्होंने कहा, मैं पिछले छह दिनों से सूरत में हूं। लेकिन दिल्ली पुलिस रैली वाले दिन मुझे गिरफ्तार करने सूरत पहुंची है। मामले में गिरफ्तार लोगों से मेरा कोई संपर्क नहीं है। गुलाब सिंह के ड्राइवर को दिल्ली में पिछले महीने उसके एक साथी के साथ गिरफ्तार किया गया था।

गुलाब सिंह जब भारत माता की जय के नारे लगाते हुए उमरा पुलिस थाने पहुंचे, तो उस समय दिल्ली के पर्यटन मंत्री और आप नेता कपिल मिश्रा उनके साथ थे। मिश्रा ने इसके बाद ट्वीट किया कि पहले तो दिल्ली पुलिस गुलाब सिंह को केजरीवाल की रैली से पहले ही गिरफ्तार करने की जल्दबाजी में थी, लेकिन अब उसने विधायक से कहा है कि जब रेलगाड़ी टिकट उपलब्ध होगा, तब वे दिल्ली वापस लौटेंगे।

केजरीवाल वारछा में पार्टी की पहली रैली को संबोधित करने वाले हैं। यहां पाटीदारों की बड़ी आबादी है और पटेल आंदोलन का यह एक केंद्र रहा है। केजरीवाल ने इसके पहले उन परिवारों से मुलाकात की, जिनके बच्चे पिछले वर्ष पाटीदार आंदोलन के दौरान पुलिस गोलीबारी में मारे गए थे।

गौरतलब है कि पिछले महीने सूरत में ही अमित शाह, मुख्यमंत्री विजय रूपानी और राज्य भाजपा अध्यक्ष जीतू वाघानी के सम्मान में आयोजित पटेलों की एक विशाल रैली को पाटीदार अनामत आंदोलन समिति के कार्यकर्ताओं ने बाधित कर दिया था।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो