scriptखाकी वर्दी पर मोटापे का कहर, 50 की उम्र में 20 की चुस्ती नहीं तो विभाग दिखाएगा बाहर का रास्ता | Bhilai: Police department | Patrika News

खाकी वर्दी पर मोटापे का कहर, 50 की उम्र में 20 की चुस्ती नहीं तो विभाग दिखाएगा बाहर का रास्ता

locationदुर्गPublished: Jul 09, 2017 10:08:00 am

खराब परफार्मेंस वाले जवानों को विभाग नहीं ढोएगा बल्कि नौकरी से
बाहर का रास्ता दिखा देगा। छत्तीसगढ़ शासन सामान्य प्रशासन विभाग मंत्रालय
से पत्र जारी हुआ है।

 Police department

Police department

भिलाई. काम से जी चुराने, सुस्त और अपनी सेहत को लेकर लापरवाह पुलिस जवानों की छंटनी होगी। विभाग 50 वर्ष की उम्र पार या 20 साल नौकरी कर चुके पुलिस जवानों की कार्यक्षमता और मुस्तैदी का आंकलन करेगा।

उन्हें विवेचना के स्तर में सुधार, कार्य में कसावट लाने और स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहने को कहा गया है। खराब परफार्मेंस वाले जवानों को अब विभाग बिलकुल नहीं ढोएगा बल्कि नौकरी से बाहर का रास्ता दिखा देगा। छत्तीसगढ़ शासन सामान्य प्रशासन विभाग मंत्रालय से पत्र जारी हुआ है।

समीक्षा करने के निर्देश
जिसमें 50 वर्ष की आयु या 20 वर्ष की सेवा पूर्ण कर चुके शासकीय सेवकों की अनिवार्य सेवानिवृत्ति के लिए उनकी कार्यकुशलता का निरीक्षण कर समीक्षा करने का निर्देश दिया है। इसी संदर्भ में पुलिस अधीक्षक अमरेश मिश्रा ने शनिवार को कोतवाली में पुलिस अधिकारियों की बैठक ली।

बैठक में 85 सहायक उपनिरीक्षक शामिल
बैठक में करीब 85 सहायक उपनिरीक्षक शामिल हुए। उन्हें शासन के नियमों से अवगत कराया। मिश्रा ने कहा कि अब पुराने ढर्रे पर काम नहीं चलेगा। जो लोग ऐसा सोचते हैं कि सरकारी नौकरी में है क्या होगा, तो वे सुधर जाएं।

अब सभी पुलिस अधिकारियों की कार्यक्षमता और उनकी गतिविधियों पर नजर रहेगी। प्रत्येक जवान की समीक्षा रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। बैठक में ग्रामीण अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला, उप पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र ठाकुर सहित सभी थाना के सहायक उप निरीक्षक शामिल थे।

यह दी हिदायत

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि विवेचना के स्तर को सुधारा जाए। बीट प्रणाली को प्रभावी बनाएं। शराब की अवैध बिक्री पर पूरी तरह से रोक लगाई जाए। शहर में अनैतिक कार्यों पर नजर हो। उन्होंने पुलिस कर्मियों से कहा कि आज के दौर में आपमें व्यासायिक ज्ञान होना जरूरी है।

एएसपी ने जवानों को कार्य दक्षता बढ़ाने के टिप्स दिए। बैठक में स्वास्थ्य के प्रति विशेष हिदायत दी गई। कहा गया कि पुलिस की नौकरी में हैं इसलिए हमेशा फिट रहें। तोंद को कम करें। आड़ी-तिरछी चाल को सुधारें। वहीं कार्य में कसावट लाएं।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो