scriptBSP कार्यकर्ताओं का उत्पात, राहगीरों से अभद्रता, जमकर हुई गुंडागर्दी | bsp members protest in gwalior against bjp | Patrika News
ग्वालियर

BSP कार्यकर्ताओं का उत्पात, राहगीरों से अभद्रता, जमकर हुई गुंडागर्दी

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती पर यूपी के भाजपा नेता दयाशंकर सिंह द्वारा की गई टिप्पणी के विरोध में गुरुवार को पार्टी कार्यकर्ताओं ने तीन घंटे तक जमकर उत्पात मचाया।

ग्वालियरJul 22, 2016 / 11:52 am

Gaurav Sen

bsp

bsp


ग्वालियर। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती पर यूपी के भाजपा नेता दयाशंकर सिंह द्वारा की गई टिप्पणी के विरोध में गुरुवार को पार्टी कार्यकर्ताओं ने तीन घंटे तक जमकर उत्पात मचाया।

कार्यकर्ता पुलिस के सामने ही गुंडई पर उतर आए। फूलबाग चौराहे पर ट्रैफिक रोककर हंगामा किया और टायर में आग लगाकर वाहनों में तोडफ़ोड़ की। उत्पातियों ने राहगीरों पर बोतलें भी फेंकी। अंबेडकर पार्क के पास दो युवतियों के साथ बदतमीजी की। विरोध करने पर कार्यकर्ताओं ने उन्हें झंडे के डंडे मार दिए। एसपी हरिनारायणाचारी मिश्र ने बताया कि 209 उपद्रवियों पर पड़ाव और इंदरगंज थाने में मामले दर्ज किए हैं। 

बसपा सुप्रीमो के खिलाफ भाजपा नेता द्वारा की बयानबाजी के खिलाफ थाटीपुर से कार्यकर्ताओं ने रैली निकाली। इस दौरान रैली जिस मार्ग से गुजरी, वहां लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। लोग ट्रैफिक जाम, अभद्रता, और गुंडई का शिकार हुए।

दोपहर करीब 1:30 बजे रैली जैसे ही फूलबाग चौराहे पर पहुंची, कार्यकर्ताओं ने उग्र नारेबाजी करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। यहां गिने-चुने पुलिसकर्मी थे। लिहाजा वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में कार्यकर्ता उग्र हो गए। सड़क से निकल रहे वाहनों को रोककर तोडफ़ोड़ करने लगे। कुछ उपद्रवी रहागीरों और दुकानदारों पर कांच की बोतलें फेंकने लगे। दूसरी टोली ने चौराहे पर टायर में आग लगा दी। उपद्रवियों को बेकाबू होता देख फूलबाग प्वॉइंट पर तैनात पुलिसकर्मी भी खिसक गए। सड़क पर गुंडई से राहगीर डर गए, जिसे जहां जगह मिली बचने के लिए भागा।

अंबेडकर पार्क के सामने उप्रदवियों ने ऑटो चलाक अनिल झा और कार चालक को रोककर कांच तोड़े। अनिल ने रोकना चाहा तो उसे पीटा। इस दौरान एक्टिवा से जा रही दो युवतियों से उत्पातियों ने छेड़छाड़ की। दोनों ने मदद के लिए शोर मचाया, लेकिन कोई सामने नहीं आया। विरोध करने पर उत्पातियों ने दोनों युवतियों को पीटा। हंगामा बढ़ता देख दुकानदारों ने शटर गिरा दिए। गुरुद्वारा तिराहे पर नारेबाजी करते हुए यूपी के भाजपा नेता दयाशंकर का पुतला जलाया।

209 लोगों पर केस
रैली के दौरान चक्काजाम और वाहनों की तोडफ़ोड़ करने पर 209 लोगों पर एफआईआर हुई है। पड़ाव थाना पुलिस ने एसआई एमएम कुशवाह की शिकायत पर रणवीर सिंह गुर्जर, रामदुलारे जाटव, जितेन्द्र सुमन, डॉ. एचबी सिंह, विद्या सागर, दिनेश मौर्य, मान सिंह चौकटिया, धर्मेंद्र चौकटिया, विनोद कुमार सहित 200 अज्ञात लोगों पर कई धाराओं में मामला दर्ज किया है।


एक ने कहा, नाजायज औलाद तो दूसरी बोली- जीभ काटने पर दूंगी 50 लाख का इनाम
भोपाल बसपा की विधायक ऊषा चौधरी ने कहा कि लगता है दयाशंकर के डीएनए में ही खराबी है। वह खुद नाजायज औलाद है, इसीलिए बहनजी के खिलाफ ऐसी टिप्पणी की है। वहीं इस मामले में बीएसपी की चंडीगढ़ में पार्षद जन्नत जहां ने कहा कि जो कोई दयाशंकर सिंह की जीभ काट कर लाएगा वह उन्हें 50 लाख रु. का इनाम देंगी। 

चौराहों पर जाम
रैली ने गुरुद्वारे तिराहे पर प्रदर्शन कर करीब 20 मिनट तक टै्रफिक जाम रखा फिर रैली महाराज बाड़े रवाना हुई। रास्ते में नदी गेट चौराहा, इंदरगंज चौराहा, हाईकोर्ट सहित कई जगह जाम रहा।

ये थे रैली में शामिल
महाराज बाड़ा पहुंचकर सभा को पार्टी नेताओं ने संबोधित किया। बसपा के प्रदेश प्रभारी सुम्रत सिंह, जिलाध्यक्ष रामदुलारे जाटव, विधायक मनीराम धाकड़, पूर्व विधायक लाखन सिंह बघेल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष भिंड संजू सिंह कुशवाह, संजीव सिंह कुशवाह, मानवेंद्र सिंह सिकरवार समेत पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे। 

उपद्रव में हमारे कार्यकर्ता नहीं
बसपा के किसी कार्यकर्ता ने उपद्रव नहीं किया है। उपद्रव करने वाले किसी अन्य पार्टी के कार्यकर्ता होंगे। अगर हमारे कार्यकर्ता होंगे तो हम उनके खिलाफ कार्रवाई करेंगे।
सुम्रत सिंह, प्रदेश प्रभारी, बसपा 

Hindi News/ Gwalior / BSP कार्यकर्ताओं का उत्पात, राहगीरों से अभद्रता, जमकर हुई गुंडागर्दी

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो