scriptस्वीमिंग करते वक्त आंखों का रखें विशेष खयाल | Take special care of your eyes while swimming | Patrika News

स्वीमिंग करते वक्त आंखों का रखें विशेष खयाल

Published: Jun 30, 2015 12:34:00 pm

तैराकी बहुत अच्छी एक्सरसाइज है, लेकिन तैराकी करते समय आंखों का विशेष ध्यान रखना बहुत जरूरी
है

swimming

swimming

गर्मी अपनी चरम सीमा पर पहुंच चुकी है, और इससे निजात पाने के जो भी उपाय अपनाए जाए वह कम है। कुछ लोग घर बैठ कर गर्मी से बचने की कोशिश करते है, तो कुछ ठंडे-ठंडे शरबत पी कर। अक्सर लोग गर्मी से बचने के लिए तैराकी करना बहुत पसंद करते हैं। वैसे तो तैराकी एक बहुत अच्छा व्यायाम है, और साथ ही गर्मी में ठंडे पानी से खेलने का लुत्फ ही अलग है। परन्तु तैराकी करते समय आंखों का विशेष ध्यान रखना बहुत जरूरी है।

स्वीमिंग पूल की सफाई
स्विमिंग पूल में बड़ी संख्या में लोग एक साथ तैरते हैं जिससे की संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ जाता है। दूसरा ताल में क्लोरीन भी डली होती है। इन दोनों का प्रभाव सबसे पहले आंखों पर पड़ता है। स्विमिंग पूल का पानी कितना साफ है या उसमे सफाई हुई है या नहीं इस बात पर भी आंखों की सुरक्षा निर्भर करती है।

लाल हो जाती हैं आंखें
बैक्टीरियल इन्फेक्शन होने पर आंखों में चुभन या जलन होने लगती है। इसके साथ-साथ आंखें लाल हो जाती हैं और उनमें से गन्दा पानी भी निकलने लगता है। कई बार कंजक्टिविसिस की बीमारी भी हो जाती है। यदि आप यह लक्षण अनुभव कर रहे हैं तो डॉक्टर को दिखाने में देरी न करें। समय रहते अगर डॉक्टर को न दिखाया जाए तो आंखों की रोशनी पर भी असर पड़ सकता है। इसलिए सबसे उत्तम यही है कि किसी अच्छे आंखों के डॉक्टर को दिखाएं और उसके द्वारा निर्धारित आई ड्रॉप्स का नियमित रूप से उपयोग करें।

बैक्टीरियल इन्फेक्शन
आंखें हमारे शरीर का सबसे नाजुक अंग है और इनका ध्यान रखना जरूरी है। गर्मियों में आंखों से जुड़ी समस्याएं अक्सर बढ़ जाती हैं। इसका मुख्य कारण है सूरज की किरणों में पाए जाने वाली यूवी किरणों का आंखों से सीधा संपर्क होना, जो की आंखों के लिए हानिकारक होता है। इसके आलावा गर्मियों में बैक्टीरियल इन्फेक्शन होने का खतरा भी बढ़ जाता है।

स्विमिंग ग्लासेज पहनेें
बीमारी की रोकथाम उसके उपचार से बेहतर मानी जाती है। बैक्टीरियल आई इन्फेक्शन से बचने के लिए यह जरूरी है कि यह अच्छे से जांच लीजिए कि पूल अच्छी तरह से साफ है या नहीं। पानी में जाने से पहले स्विमिंग ग्लासेज पहन लें, यह आपकी आंखों को न सिर्फ इन्फेक्शन परन्तु सूरज की हानिकारक यू.वी किरणों से भी बचाते हंै।

बाद में नहाना
तैराकी करने के बाद एक बार नहा लें। खासकर आंखों को ताजा पानी से धोएं। अगर आप आंखों में जलन या चुभन महसूस कर रहे हैं तो तुरंत साफ पानी से आंखों को धोएं। इन छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखें और अपनी आंखों को स्वस्थ और सुरक्षित बनाए रखें।

डॉ.राजीव जैन
नेत्र विशेषज्ञ, डायरेक्टर
सेव साइट सेंटर,नई दिल्ली
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो