scriptछोटा राजन की भारत वापसी अाज कैंसल, खराब मौसम से फ्लाइट रद्द | Chhota rajan will be deported to india today | Patrika News

छोटा राजन की भारत वापसी अाज कैंसल, खराब मौसम से फ्लाइट रद्द

Published: Nov 03, 2015 08:31:00 pm

डॉन छोटा राजन को CBI और मुंबई पुलिस की टीम आज भारत लाने वाली थी, लेकिन बाली में मौसम खराब होने के कारण फ्लाइट कैंसल हो गर्इ

Chhota Rajan arrest

Chhota Rajan arrest

मुंबर्इ। इंडोनेशिया के बाली से गिरफ्तार हुए अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा राजन को मंगलवार की रात में मुंबई लाया जाना था, लेकिन बाली का मौसम खराब होने के कारण सारी उड़ानें रद्द हो गर्इ हैं। अब डॉन छोटा राजन के कल भारत आने की उम्मीद है। महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने यह एलान किया था कि राजन को एक चार्टर प्लेन से भारत लाया जाएगा, लेकिन मौसम की खराबी से राजन का आना कैंसल हो गया है।

CBI और दिल्ली-मुंबई पुलिस की एक टीम अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा राजन को आज भारत लाने वाली थी। टीम छोटा राजन से पूछताछ के लिए सोमवार को ही बाली पहुंच गई थी। उल्लेखनीय है कि उसे इंडोनेशिया की पुलिस ने बाली में गिरफ्तार किया था। जानकारी के मुताबिक उसको पहले दिल्ली आैर फिर यहां से उसको मुंबई ले जाना था।

इससे पहले राजन ने मीडिया से कहा कि वह दाऊद इब्राहिम और उसके गुर्गों से नहीं डरता है हालांकि उसने यह भी माना है दाऊद उसे मारने के पीछे पड़ा हुआ है। राजन से यह पूछे जाने पर कि वह दिल्ली या मुंबई में से किस जगह की जेल में जाना पसंद करेगा। उसने कहा कि मुंबई पुलिस ने उस पर काफी अत्याचार किया है।



उसने मुंबई पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस के कुछ लोग दाऊद के लिए काम करते हैं। ऐसे में केंद्र को सब बातों को सोचकर ही सही फैसला लेना चाहिए। उसने कहा कि वह सिर्फ इतना ही चाहता है कि उसके साथ अन्याय न हो। उसने कहा कि आतंकवाद और दाऊद के खिलाफ उसकी लड़ाई जारी रहेगी।

माना जा रहा है कि छोटा राजन को उसी हाई सिक्योरिटी सेल में रखा जाएगा जिसमें मुंबई हमले के दोषी अजमल कसाब को रखा गया था। यहां उसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी एक बार फिर से आईटीबीपी के जवान ही संभालेंगे। उस पर संभावित खतरे को देखते हुए छोटा राजन की सुरक्षा में कमांडो तैनात किए गए हैं। भारत के निवासी राजन निखालजे भारत में छोटा राजन के ऊपर टाडा, पोटा और मकोका के तहत मामले दर्ज हैं। इंटरपोल ने उसके खिलाफ 1995 में रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया था। पिछले दिनों वह फर्जी पासपोर्ट पर सफर करते हुए बाली में गिरफ्तार किया गया था।



गौरतलब है कि भारत के उप राष्ट्रपति हामिद अंसारी इस वक्त इंडोनेशिया की आधिकारिक यात्रा पर हैं। इन सभी बातों को गौर करते हुए छोटा राजन की जल्द वापसी के कयास लगाए जा रहे हैं। उसको लाने के भारत की तरफ से प्रोसेस पहले ही शुरू कर दिया गया है।

ट्रेंडिंग वीडियो