scriptऑनलाइन हुए गुरू के दर्शन, डिजीटल हुआ आर्शीवाद | The blessings of Guru found by taking vandana and initiation from video calling | Patrika News
भोपाल

ऑनलाइन हुए गुरू के दर्शन, डिजीटल हुआ आर्शीवाद

राजधानी में रविवार गुरु पूर्णिमा पर गुरु शिष्य परम्परा की झलक दिखाई दी। शिष्यों ने अपने गुरु के दर्शन किए, पांव पखारे और गुरु पूजा कर आशीर्वाद लिया।

भोपालJul 10, 2017 / 07:37 am

anil chaudhary

bhopal

bhopal

भोपाल. राजधानी में रविवार गुरु पूर्णिमा पर गुरु शिष्य परम्परा की झलक दिखाई दी। शिष्यों ने अपने गुरु के दर्शन किए, पांव पखारे और गुरु पूजा कर आशीर्वाद लिया। गुरु पूर्णिमा पर सोशल मीडिया का उपयोग भी जमकर हुए, कई शिष्य जो अपने गुरुओं के दर्शन और पूजा करने अपने गुरु की शरण में नहीं पहुंच पाए, उन्होंने वाट्सएेप पर वीडियो कॉलिंग कर गुरुजनों की पादुका का पूजन किया और दर्शन किए। पुराने शहर के चौबदारपुरा तलैया स्थित मार्र्कंडेय मंदिर में पं. रामनारायण आचार्य ने वीडियो कॉलिंग के जरिए अपने शिष्यों को आशीर्वाद दिया।

लालघाटी स्थित गुफा मंदिर में गुरु पूजा का आयोजन किया गया। यहां पूरे दिन श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। इस मौके पर 1400 से अधिक नए शिष्यों ने गुरु दीक्षा ली। इसी प्रकार मां चामुंडा दरबार की ओर से शाम को गुफा मंदिर स्थित मानस उद्यान में गुरु पूजा महोत्सव का आयोजन किया गया। इसमें पं. रामजीवन दुबे का दर्शन करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।

महिला पुरोहितों ने कराया यज्ञ:: गुरु पूर्णिमा के मौके पर एमपी नगर स्थित गायत्री शक्तिपीठ 51 कुंडीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया गया। इस मौके पर महिला पुरोहितों ने महायज्ञ सम्पन्न कराया।

श्रद्धालुओं का मंदिरों में लगा रहा तांता

भेल. गुरुपूर्णिमा के पावन पर्व पर भेल क्षेत्र में कई जगह पर शिष्यों ने अपने गुरुओं का सम्मान कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर क्षेत्र में सुबह से ही श्रद्धालुओं का मंदिरों में तांता लगा नजर आया।
दादाजीधाम में अभिषेक व भंडारा: रायसेन रोड स्थित दादाजी धाम मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की गई। इस अवसर पर दादाजी का अभिषेक किया गया। वहीं समस्त देवों का हवन भी किया गया। दोपहर 1.30 बजे से भंडारा का आयोजन किया गया।
वहीं गायत्री प्रज्ञा पीठ मंदिर बरखेड़ा में नि:शुल्क दीक्षा संस्कार का आयोजन किया गया।

सैकड़ों लोगों ने एक साथ किया सुंदरकांड पाठ
गुरु पूर्णिमा के मौके पर शहर के पीपलेश्वर महादेव मंदिर नेहरू नगर में 400 से अधिक महिला-पुरुषों ने एक साथ बैठकर सुंदरकांड का गायन किया। इस मौके पर धार्मिक अनुष्ठान, हवन एवं प्रसाद वितरण किया गया।

भगवान लक्ष्मीनारायण ने धारण की नई पोशाक : बिड़ला मंदिर में गुरु पूर्णिमा का आयोजन किया गया। इस दौरान भगवान का अभिषेक किया गया और उन्हें नई पोशाक धारण कराई गई।


यहां भी हुए आयोजन
गांधी भवन में आर्ट ऑफ लिविंग की ओर से सुबह गुरुपूजा और सुदर्शन क्रिया हुई, तो शाम को भजन संध्या हुई।
पतंजलि समिति की ओर से गीतांजलि स्थित कार्यालय में सुबह गुरु पूजा हुई, गुरु पूजा अर्चना और प्रसाद वितरण हुआ।
नेहरू नगर स्थित ज्योतिष मठ संस्थान में गुरु पूजा का आयोजन किया गया, इस मौके पर प्रसाद वितरण हुआ।
नवीन नगर स्थित तांत्रिक नवचंडी दरबार में गुरुपूर्णिमा पर पूजा अर्चना और भंडारा हुआ।
शरणानंद आश्रम में गुरु पूजा, हवन एवं भंडारा हुआ।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो