जबलपुर। वाहन चैकिंग के दौरान सिहोरा पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से पुलिस ने बैग में दो किलो गांजा बरामद किया है। पकड़े गए आरोपियो में एक नाबालिग है। तस्करों के खिलाफ 8/20 एनडीपीएस का प्रकरण दर्ज किया गया है।
जानकारी के मुताबिक उल्दना मोड़ पर सिहोरा पुलिस ने वाहन चैकिंग लगाई थी। 4 बजे के लगभग जबलपुर की तरफ से हीरो होंडा बाइक आ रही थी। पुलिस को देख बाइक पर पीछे बैठा युवक उतर गया और भागने लगा। पुलिस की नजर युवक पर पड़ गई। पुलिस कर्मियों ने भाग रहे युवक को दबोच लिया। पीठ पर टंगे काले रंग के बैग की तलाशी लेने पर पुलिस दंग रह गई। पॉलिथिन में गांजा रखा था। पूछताछ में युवकों ने अपना नाम अश्वनी लूमिया 23 वर्ष, दूसरा 17 वर्ष निवासी भिटोनी माधव नगर कटनी बताया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे जबलपुर से गांजा लेकर आ रहे थे। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।