script30 साल का रिकॉर्ड तोड़ रही ठंड, फुटपाथ पर ठिठुरने से 2 की मौत | Two peoples dies from cold | Patrika News
जबलपुर

30 साल का रिकॉर्ड तोड़ रही ठंड, फुटपाथ पर ठिठुरने से 2 की मौत

5-6 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही उत्तरी हवाओं के कारण ठंड रिकॉर्ड तोड़ रही है। 

जबलपुरJan 14, 2017 / 09:02 am

Abha Sen

cold

cold

जबलपुर। 5-6 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही उत्तरी हवाओं के कारण ठंड रिकॉर्ड तोड़ रही है। इस बीच शुक्रवार सुबह फुटपाथ पर रात बिताने वाले दो वृद्धों की मौत हो गई। न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस के साथ सीजन का सबसे ठंडा दिन शुक्रवार दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6 डिग्री कम था। शनिवार की सुबह भी मौसम सर्द हवाएं लेकर आई। चुभने वाली ठंड ने सुबह से ही लोगों को कंपा दिया। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि आगामी दिनों में ठंड का कहर बढ़ सकता है। 

रानीताल चौक के पास गुरुवार रात तकरीबन 15 लोग फुटपाथ पर सो रहे थे। यही स्थिति तहसील चौक-हाईकोर्ट मार्ग पर नजर आई। इन्हीं में से दो वृद्धों के सुबह शव मिले। रानीताल चौक के पास फुटपाथ पर मृत मिले वृद्ध के सम्बंध में बताया गया कि सुबह-सुबह उसके परिजन शव ले गए। इससे पहचान उजागर नहीं हो पाई। 


तहसील चौक हाईकोर्ट मार्ग पर खुले आसमान के नीचे मृत मिले वृद्ध की पहचान 60 साल के नारायण सिंह के रूप में हुई। उनके बेटे राकेश सिंह ने गरीब नवाज कमेटी के इनायत अली, रियाज अली, दीपक निगम, मो. अशफाक, मो. आमिर, निकिता, शबनम खान आदि के सहयोग से रानीताल मुक्तिधाम में शव का अंतिम संस्कार किया। फुटपाथ पर सोने वाले अन्य लोगों ने बताया कि नारायण सिंह रात में चादर ओढ़कर सो रहे थे।

weather

1986 में पड़ी थी कड़ाके की सर्दी
तारीख तापमान
5 जनवरी 1986 1.9
7 जनवरी 2011 2.9
8 जनवरी 2013 3.4
21 जनवरी 2012 4.5
14 जनवरी 2015 4.7
28 दिसम्बर 2014 4.8
13 जनवरी 2016 5.0

मैदानी इलाकों से आ रही ठंडी हवा
मौसम विभाग के अनुसार मैदानी इलाकों से आ रही ठंडी हवा से पारा और गिर सकता है। अगले 48 घंटों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। सीजन का सबसे ठंडा दिन होने के साथ शुक्रवार को अधिकतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस था, जो सामान्य से 5 डिग्री कम रहा। सुबह की आद्र्रता 68 व शाम की आद्र्रता 34 प्रतिशत रही। गत वर्ष इसी दिन अधिकतम व न्यूनतम तापमान क्रमश: 28.7 व 13.5 डिग्री सेल्सियस था। मौसम विभाग के वैज्ञानिक सहायक डीएस घाटे ने बताया कि अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में गिरावट आने से गलन बढ़ सकती है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो