कटनी. केरोसिन से नकली डीजल बनाने के मामले में पुलिस ने इंडियन ऑयल के अधिकारियों को पत्र लिखकर गुप्ता परिवार द्वारा संचालित पांच पेट्रोल पम्पों के लाइसेंस निरस्त करने व एक निर्माणाधीन पेट्रोल पम्प की अनुमति निरस्त करने की अनुशंसा की है। रविवार को बरही पुलिस द्वारा रिमांड में लिए गए टैंकर चालक लोकचंद विश्वकर्मा से पूछताछ की। जिसमें उसने बताया कि शाहनगर में जिस डिपो में नकली डीजल बनता था, उससे कुछ ही दूरी में मुकेश गुप्ता का पेट्रोल पम्प था। जिसके नाम पर जय हो पेट्रोल पम्प के नाम से फर्जी कागज मिल जाते थे और उसी के चलते वह गुप्ता परिवार द्वारा संचालित झिंझरी, रीठी, छपरा व पन्ना जिले के शाहनगर सहित अमानगंज के पेट्रोल पम्प के नकली डीजल लेकर जाता था। साथ ही बरही में ही उनके द्वारा करौंदी में एक नया पेट्रोल पम्प खोला जा रहा है, जिसका काम चल रहा है। सभी संचालित पेट्रोल पम्प इंडियन ऑयल के हैं, जिसके चलते पुलिस ने जबलपुर कार्यालय को पत्र लिखकर पांचों पेट्रोल पम्प के लाइसेंस व निर्माणाधीन पेट्रोल पम्प की अनुमति निरस्त करने की अनुशंसा की है। रविवार को पुलिस अधीक्षक गौरव राजपूत ने बरही थाना पहुंचकर रिमांड पर लिए गए आरोपियों से पूछताछ की। साथ ही पुलिस की टीम ने नकली डीजल बनाने के मामले में फरार आरोपी रोहित गुप्ता व मुकेश गुप्ता की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी लेकिन वे नहीं मिले। 20 अक्टूबर को बरही पुलिस ने नदावन व बड़ागांव के बीच एक टैंकर को पकड़ा था। जिसकी जांच की गई तो उसमें लगभग 6 हजार लीटर नकली डीजल मिला था। जिसमें चालक लोकचंद को पकड़ा था। जिसमें उसने बताया कि शाहनगर डिपो में नीले केरोसिन में पावडर व डीजल सेंट मिलाकर नकली डीजल तैयार किया जाता था। वहीं झिंझरी स्थित ओरियंट पेट्रोल पम्प से डीजल के कागज बनाए गए थे। पुलिस ने इस आधार पर संचालक रोहित गुप्ता व टैंकर मालिक मुकेश गुप्ता पर भी मामला दर्ज किया था। पुलिस ने शाहनगर डिपो में दबिश दी थी और कर्मचारी नकली डीजल बनाने वाले पाउडर में आग लगाकर भाग गए थे। शाहनगर में डिपो का मेसर्स आरके दुबे के नाम से संचालन किया जा रहा था। जिसके वास्तविक संचालक का पता लगाने भी पुलिस की टीम पन्ना कलेक्ट्रेट गई थी। जिसमें उसी नाम से ही संचालन होना पाया गया है लेकिन संचालक कौन है और कहां का है, इस बात की जानकारी सोमवार को पुलिस को मिल पाएगी। इस संबंध में एसपी गौरव तिवारी का कहना है कि पूछताछ में टैंकर चालक ने पांच पेट्रोल पम्पों में नकली डीजल सप्लाई करने की बात बताई है। जिसमें इंडियन ऑयल के अधिकारियों को पांचों पेट्रोल पम्प के लाइसेंस व बरही के पास बन रहे एक अन्य पम्प की अनुमति निरस्त करने की अनुशंसा की गई है। पूछताछ में जो नाम सामने आएंगे, उनपर भी मामला दर्ज किया जाएगा।