scriptकाली दीपावली मनाएंगे जेके टायर कर्मचारी | jk tyre employees will celebrate in black diwali | Patrika News

काली दीपावली मनाएंगे जेके टायर कर्मचारी

locationमोरेनाPublished: Oct 28, 2016 11:04:00 pm

Submitted by:

monu sahu

सेवा से पृथक करने और वेतन रोके जाने के विरोध में जेके टायर प्रबंधन
बानमोर के खिलाफ धरना-आंदोलन कर रहे श्रमिक शुक्रवार को ज्यादा आक्रोशित हो
गए

morena

morena

मुरैना. सेवा से पृथक करने और वेतन रोके जाने के विरोध में जेके टायर प्रबंधन बानमोर के खिलाफ धरना-आंदोलन कर रहे श्रमिक शुक्रवार को ज्यादा आक्रोशित हो गए। 33 दिन से एमएस रोड पर नेहरू पार्क के बाहर धरना, क्रमिक भूख हड़ताल आंदोलन को जेके टायर प्रबंधन एवं जिला प्रशासन द्वारा तवज्जो न देने से श्रमिक नाराज हो गए। श्रमिकों ने शाम के वक्त जेके टायर प्रबंधन की शवयात्रा निकाली और कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट पर उसे फूंका और नारेबाजी करते हुए काली दीपावली मनाने का ऐलान किया।

एसोसिएशन ऑफ केमिकल वर्कर्स जेके टायर बानमोर के अध्यक्ष अनूप तोमर, सचिव सुनील शर्मा एवं कोषाध्यक्ष जोगेंद्र तोमर के अलावा रामकुमार शर्मा सहित अन्य लोगों ने अर्थी पर जेके टायर के प्रबंधक पी कुलकर्णी का फोटो लगाकर उस पर 420 एवं टैक्स चोर भी लिखा। श्रमिकों की ज्यादा संख्या और त्योहार की वजह से पुलिस पहले से ही मुस्तैद थी। हालांकि श्रमिकों ने कोई उत्पात नहीं किया। रामकुमार शर्मा ने इस दौरान कहा कि रोशनी के त्योहार पर भी जेके टायर प्रबंधन की हठधर्मिता से श्रमिक काली दीपावली मनाने को मजबूर हैं।

गाजे-बाजे के साथ अर्थी फूंकने के साथ ही श्रमिक उसके इर्दगिर्द नाचे भी। इसके पहले सामान्य धरना-आंदोलन के साथ दो श्रमिक जितेंद्र सिंह एवं रामनिवास झाडिय़ाल क्रमिक भूख हड़ताल पर रहे। आंदोलन में संजय ठाकुर धर्मेंद्र तोमर, बिजेंद्र भदौरिया, लाल सिंह सिकरवार, रवि शर्मा, श्रीकृष्ण यादव, लक्ष्मण सिसौदिया, मुकेश जैन, प्रताप तंवर, निरंजन चौहान, लोकेंद्र सिकवार आदि शामिल हुए।



loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो