scriptमोदी की चीन यात्रा से पहले पर्रिकर पहुंचे अरूणाचल  | Defence Minister Manohar Parrikar to visit Arunachal | Patrika News

मोदी की चीन यात्रा से पहले पर्रिकर पहुंचे अरूणाचल 

Published: May 02, 2015 11:53:00 pm

रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर ने शनिवार को अरूणाचल प्रदेश के अग्रिम क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति की समीक्षा की

Manohar Parrikar

Manohar Parrikar

नई दिल्ली। रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की चीन यात्रा से पहले शनिवार को अरूणाचल प्रदेश के अग्रिम क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति की समीक्षा की और असम में उग्रवाद विरोधी अभियानों का जायजा लिया। पर्रिकर की राज्य के सीमावर्ती क्षेत्रों की यात्रा इस मायने में महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि इसके करीब दो सप्ताह बाद ही मोदी चीन यात्रा पर जा रहे हैं और ये कयास लगाए जा रहे हैं कि उनकी इस यात्रा के दौरान चीन के साथ सीमा विवाद को सुलझाने में सफलता मिल सकती है। दो दिन की असम और अरूणाचल प्रदेश की यात्रा पर पर्रिकर शुक्रवार को तेजपुर पहुंचे थे।

रक्षा मंत्री ने सेना के शीर्ष अधिकारियों के साथ बैठक में वास्तविक नियंत्रण रेखा पर सुरक्षा की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अरूणाचल प्रदेश के विकास में हर संभव मदद का आश्वासन दिया। पर्रिकर ने सेना प्रमुख जनरल दलबीर सिंह के साथ रेड होनर्स डिवीजन का भी दौरा किया और निचले असम में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की। रक्षा मंत्री को रांगिया में निचले असम में चल रहे उग्रवाद विरोधी अभियान के बारे में जानकारी दी गई।

उन्होंने अभियान को लेकर संतोष जताया। उन्होंने बोडोलैंड क्षेत्रीय जिलों में बोडोलैंड क्षेत्रीय परिषद(बीटीसी) के चुनाव हिंसा के बिना संचालित कराने के लिए सेना के प्रयासों की प्रशंसा की। चीन की ओर से गाहे बगाहे भारतीय सीमा का अतिक्रमण किया जाता रहा है जिससे दोनों देशों की सेनाओं में तनाव की स्थिति बन जाती है। चीन तवांग घाटी सहित 96000 वर्ग किलोमीटर के क्षेत्र पर अपना दावा करता रहा है।

वह भारत के शीर्ष नेताओं की अरूणाचल प्रदेश की यात्रा पर भी विरोध जताता रहा है। यहां तक कि चीन ने भारत के प्रधानमंत्री की क्षेत्र की यात्रा पर भी विरोध जताया था। पर्रिकर ने गृह राज्य मंत्री किरण रिजिजू के साथ सोलमारा सैन्य बेस का भी दौरा किया और जवानों से बातचीत की। उन्होंने प्रतिकूल प्रस्थितियों में जवानों के अनुशासन और सेना की तैयारियों पर संतोष जताया। उन्होंने गजराज कोर मुख्यालय की भी यात्रा की और वहां की स्थिति की समीक्षा की।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो