script

जापान और गुजरात में भूकंप के झटके, जानमाल का नुकसान नहीं

Published: Jul 17, 2016 02:40:00 pm

रविवार को भारत के दो राज्यों और जापान में भूकंप के झटके महसूस किए गए। गुजरात और मणिपुर में हल्के भूकंप के झटके महसूस किए गए

Earthquake

Earthquake

नई दिल्ली/टोक्यो। रविवार को भारत के दो राज्यों और जापान में भूकंप के झटके महसूस किए गए। गुजरात और मणिपुर में हल्के भूकंप के झटके महसूस किए गए। दोनों राज्यों में जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है। गुजरात में भूकंप मध्यम तीव्रता का था,रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 4.5 मापी गई। पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के तहत आने वाले राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केन्द्र के मुताबिक भूकंप सुबह 9 बजकर 25 मिनट पर आया जो 10 किलोमीटर की गहराई पर केन्द्रित था। मणिपुर के चंदेल में सुबह 8 बजकर एक मिनट पर 3.2 तीव्रता का भूकंप आया। 26 जनवरी 2001 में आए भूकंप से गुजरात में भारी तबाही हुई थी। रिक्टर पैमाने पर उसकी तीव्रता 7.6 से 7.7 के बीच मापी गई थी। 

भुज का पूरा इलाका भूकंप से दहल उठा था। कच्छ और भुज में 12 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी। जापान के इबाराकी प्रांत में रविवार को भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 5.0 मापी गई। समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने जापान मेट्रोलॉजिकल एजेंसी के हवाले से बताया कि भूकंप का केन्द्र इबाराकी थी,जो प्रशांत महासागर से सटा और टोक्यो के पूर्वोत्तर में है। 

राजधानी टोक्यो में भी भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। जापान दुनिया में सबसे ज्यादा भूकंप आने वाले क्षेत्रों में से एक है। जापान में सबसे भयानक भूकंप 11 मार्च 2011 में पूर्वोत्तर तट पर आया था जो अपने साथ एक विशाल सुनामी भी लाया था,जिसमें करीब 20 हजार लोगों की मौत हो गई थी।

ट्रेंडिंग वीडियो