script

झारखंड: पुलिस-नक्सलियों की मुठभेड़ में 4 नक्सली ढेर, 2 जवान घायल

Published: Feb 19, 2016 12:54:00 pm

Submitted by:

Abhishek Tiwari

यह मुठभेड़ रांची-टाटा एनएच 33 पर तैमारा घाटी के बीच हुई, रात करीब साढ़े आठ बजे शुरू हुई फायरिंग अहले सुबह तक जारी रही

naxal

naxal

रांची। रांची के पास बुंडू के तैमारा घाटी के आगे घाघराबेड़ा में गुरुवार रात नक्सलियों व सीआरपीएफ के जवानों के बीच देर रात तक चली मुठभेड़ में चार नक्सली मारे गये हैं। हालांकि इसमें दो सीआरपीएफ जवान गोविंद सिंह व सद्दाम घायल हो गये हैं। इस दौरान दोनों ओर से कम से कम दो हजार राउंड गोलियां चलीं। पुलिस ने नक्सलियों पर 51 एमएम मोर्टार के चार गोले भी दागे़ देर रात सारजमडीह, तैमारा, बारूहातू और ताउ में तैनात सीआरपीएफ के जवान घटनास्थल की ओर कूच कर गए। जवानों ने मोटरसाइकिल से भी भाग रहे नक्सलियों का पीछा किया।

यह मुठभेड़ रांची-टाटा एनएच 33 पर तैमारा घाटी के बीच हुई। रात करीब साढ़े आठ बजे शुरू हुई फायरिंग अहले सुबह तक जारी रही। दोनों ओर से करीब दो हजार राउंड फायरिंग हुई। सुबह इलाके में सर्च आपरेशन के दौरान नक्सलियों के शव और हथियार बरामद किए गए।

दो सीआरपीएफ जवान घायल

इस मुठभेड़ में सीआरपीएफ के दो जवान गोविंद सिंह और सद्दाम घायल हुए हैं। घटना के बाद तत्काल दोनों को इलाज के लिए बुंडू अनुमंडल अस्पातल में भरती कराया गया। वहां से बेहतर इलाज के लिए दोनों को रांची लाया गया। सीआरपीएफ के एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि दोनों नक्सलियों की गोली से घायल हुए हैं। एक अधिकारी ने बताया कि सुबह जंगल में सर्च अभियान चलाया जायेगा।

पहले से मौजूद था नक्सलियों का दस्ता

जानकारी के अनुसार पिछले कुछ दिनों से राम मोहन और प्रमाणिक का दस्ता इलाके में जुटे थे। इस बात की सूचना सीआरपीएफ और पुलिस के अधिकारियों के पास थी, जिसे लेकर अभियान चलाया जा रहा था। इसी बीच अचानक नक्सलियों से पुलिस की मुठभेड़ शुरू हो गयी।

रांची-टाटा मार्ग रहा बंद

मुठभेड़ के कारण रांची-टाटा मार्ग में आवागमन तैमारा घाटी से पूर्व रोक दिया गया था। दोनों अोर वाहनों की लंबी कतार लग गयी। वहीं टाटा जाकर ट्रेन पकड़नेवाले यात्रियों का बुरा हाल था, क्योंकि आवागमन कब से सामान्य होगा, इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी जा रही थी। बसों में सवार लोगों में डर का माहौल था, कई लोग डर से अपनी यात्रा वापस छोड़ वापस घरों को लौट गए।

ट्रेंडिंग वीडियो