scriptमुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन का किराया फ्लाइट से भी सस्ता होगा | Fare of Mumbai-Ahmedabad bullet to cost less than flight | Patrika News
विविध भारत

मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन का किराया फ्लाइट से भी सस्ता होगा

रेल कॉरीडोर पूरा होने के बाद हाई स्पीड बुलेट ट्रेन मुंबई और अहमदाबाद के बीच 508 किलोमीटर की दूरी करीब दो घंटे में पूरी कर लेगी

Jul 20, 2016 / 09:40 pm

जमील खान

Suresh Prabhu

Suresh Prabhu

नई दिल्ली। मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल कॉरीडोर का काम छह साल में पूरा होगा और इसका किराया हवाई किराए से भी कम होगा। यह जानकारी रेलमंत्री सुरेश प्रभु ने बुधवार को दी। लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान प्रभु ने कहा कि यह महत्वकांक्षी परियोजना मुमकिन है और इसपर ज्यादा खर्च भी नहीं होगा।

रेल कॉरीडोर पूरा होने के बाद हाई स्पीड बुलेट ट्रेन मुंबई और अहमदाबाद के बीच 508 किलोमीटर की दूरी करीब दो घंटे में पूरी कर लेगी। यह अधिकतम 350 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेगी और इसकी संचालन रफ्तार 320 किलोमीटर प्रति घंटा होगी। वर्तमान में दुरंतो एक्सप्रेस दोनों शहरों के बीच की दूरी सात घंटे में पूरी करती है।

जब उनसे कहा गया कि इस प्रोजेक्ट के लिए बहुत ज्यादा धन दिया गया है जिसके चलते दूसरे राज्यों रेल परियोजनाओं पर असर पड़ेगा, इस पर रेलमंत्री ने कहा कि किसी भी राज्य के साथ भेदभाव नहीं किया गया है। सभी राज्यों को पहले की तुलना में दोगुना से ज्यादा पैसा दिया गया है।

जापान कर रहा है मदद
इस हाई स्पीड रेल परियोजना में जापान तकनीक के साथ साथ आर्थिक मदद भी मुहैया करवा रहा है। जापानी अंतरराष्ट्रीय एजेंसी इस परियोजना का पहले ही अध्ययन कर चुकी है। 508 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर करीब 97 हजार 636 करोड़ रुपए का खर्चा आएगा और जापान सरकार ऋण के रूप में 81 प्रतिशत धन मुहैया करवा रही है।

इस परियोजना को पूरा करने के लिए जापान 0.1 प्रतिशत सालाना ब्याजदर पर 50 सालों के लिए सॉफ्ट लोन देगा। जापान के साथ हुए समझौते के तहत सिग्नल और परियोजना में उपयोग में लाए जाने वाले अन्य उपकरणों को वहां से आयात किया जाएगा।

रेल मंत्री ने कहा कि अन्य हाई स्पीड कॉरीडोरों के अध्ययन के लिए विभिन्न रेलवे कंपनियों को कांट्रेक्ट दिया गया है। रेल मंत्री ने आगे कहा कि मंत्रालय ने सेमी हाई स्पीड रेल चलाने के लिए 9 रूटों की पहचान की है। जिन नौ रूटों की पहचान की गई है वे हैं दिल्ली-चंडीगढ़, दिल्ली-कानपुर, चेन्नई-बेंगलूरु-मैसूर, नागपुर-बिलासपुर, मुंबई-गोवा, मुंबई-अहमदाबाद, चेन्नई-हैदराबाद और नागपुर-सिकंदराबाद।

Home / Miscellenous India / मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन का किराया फ्लाइट से भी सस्ता होगा

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो