scriptछह राज्यों में बाढ़ का कहर, अब तक 150 से ज्यादा की मौत | Flood havoc in six states, 150 die so far | Patrika News
विविध भारत

छह राज्यों में बाढ़ का कहर, अब तक 150 से ज्यादा की मौत

देश के छह राज्यों में भारी बारिश और बाढ़ का कहर जारी है। इन राज्यों में बारिश और बाढ़ के चलते अब तक कुल 150 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है

Aug 03, 2015 / 08:24 am

Rakesh Mishra

flood

flood

नई दिल्ली। मणिपुर, पश्चिम बंगाल सहित देश के छह राज्यों में भारी बारिश और बाढ़ का कहर जारी है। इन राज्यों में बारिश और बाढ़ के चलते अब तक कुल 150 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि लाखों लोग बेघर हो गए हैं। बचाव दल राहत कार्य में जुट गया है। उत्तराखंड में एक बस के एक नाले में बह जाने की खबर है। बस में 35 लोग सवार थे। सभी को सुरक्षित निकाल लिय गया।



प. बंगाल में कोमेन चक्रवात का असर अब कम हो गया है, लेकिन फिर भी भारी बारिश जारी है। राज्य में रविवार को बारिश जन्य हादसों में सात और लोगों की मौत के बाद मरने वालों का आंकड़ा 50 हो गया गया है। मणिपुर में भी बारिश जारी है। यहां और बारिश होने के आसार है। गुजरात, राजस्थान में भी लगातार दो दिन से भारी बारिश हो रही है। ओडिशा में बारिश से चार लाख लोग प्रभावित हुए है।

राजस्थान में हालात खराब
दक्षिण और उत्तर ओडिशा में कई जगहों पर अगले 24 घंटों में भारी बारिश होने की संभावना है। राज्य में वर्तमान में करीब पांच लाख लोग राहत शिविरों में रह रहे हैं। भारी बारिश के चलते राजस्थान के कई जिलों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। जालोर के सांचोर में स्थिति को देखते हुए सेना बुलाई गई है। लगातार बारिश होने के कारण गांवों में घर पानी में डूबे हुए हैं। लोग घरों की छत पर बैठे राहत का इंतजार कर रहे हैं। राज्य में वर्षाजनित हादसों में अलग-अलग स्थानों पर चार युवकों सहित पांच लोगों की डूबने से मौत हो गई। बीकानेर संभाग के करणपुर में सुबह से पांच सेंमी बारिश हो चुकी है। झालावाड़ में कालीसिंध समेत अन्य नदियों में उफान के कारण आसपास के गांवों में पानी घुस गया है।



बाढ़ से म्यांमार में 47 व्यक्तियों की मौत
उधर, म्यांमार में पिछले कई दिनों से चल रही मूसलाधार बारिश और बाढ़ से अब तक करीब 47 व्यक्तियों की मौत हो गयी है और तथा दो लाख से अधिक लोग इससे प्रभावित हुए हैं। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि भारी बारिश के कारण 12 प्रांतों के 42 शहरों के दो लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। इसके अलावा मकान, रेलवे लाइन, पुल तथा सड़कें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई हैं। देश के अधिकांश हिस्सों में अभी भी वर्षा हो रही है और अनेक स्थानों पर जल भराव के चलते जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है और हजारों लोगों को राहत शिवरों में शरण लेनी पड़ रही है। भारी वर्षा के बाद भूस्खलन से लगभग 20 हजार से भी ज्यादा घर नष्ट हो गये हैं। संयुक्त राष्ट्र ने म्यांमार सरकार की बाढ पीड़ितों को धीमी राहत मुहैया कराने की आलोचना करते हुये चेतावनी दी है कि अगले कुछ दिनों तक बारिश जारी रह सकती है।

Home / Miscellenous India / छह राज्यों में बाढ़ का कहर, अब तक 150 से ज्यादा की मौत

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो