जम्मू। पाकिस्तान ने आज एक बार फिर संघर्ष विराम उल्लंघन करते हुए जम्मू के सीमावर्ती इलाकों में गोलीबारी की, जिसमें सीमा सुरक्षा बल(बीएसएफ) के एक अधिकारी समेत आठ लोग घायल हो गए। एक अधिकारी ने यहां कहा, पाकिस्तान ने जम्मू के आर एस पुरा और अरनिया सेक्टरों में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बिना उकसावे के सुबह भारी गोलीबारी की, जिसमें बीएसएफ अधिकारी एएसआई ए के उपाध्याय घायल हो गए।
जम्मू के उपायुक्त सिमरनदीप सिंह ने बताया कि पाकिस्तान ने साई कलान इलाके में भी गोलीबारी की। उन्होंने बताया कि अरनिया में डेढ़ बजे से गोलीबारी हो रही है। लोग अपने घरों के अंदर है। फिलहाल मानवीय क्षति की कोई रिपोर्ट नहीं है, लेकिन गोलीबारी में कुछ मवेशी मारे गये हैं। इस बीच पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा कि सीमा पार मोर्टार का एक गोला दागे जाने से सात लोग घायल हो गये। घायलों की पहचान नीलम चौधरी, सोमा देवी, कमलेश कुमारी, वीना कुमारी, मंजू चौधरी, साक्षी चौधरी और संजना चौधरी के रूप में हुयी हैं। सभी घायलों को जम्मू के सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पाकिस्तान की ओर से गोलीबारी अब भी जारी है।
Home / Miscellenous India / पाकिस्तान की गोलीबारी में बीएसएफ अधिकारी समेत आठ घायल