scriptभारतीय सैनिक को छुड़ाने के लिए पाक से संपर्क करेगा भारत! | India will talk to pak foreign department to make release of Indian army soldier who went to Pakistan | Patrika News
विविध भारत

भारतीय सैनिक को छुड़ाने के लिए पाक से संपर्क करेगा भारत!

भारत ने पाक के कब्जे में अपने जवान चंदू बाबूलाल चव्हाण को छुड़ाने के लिए कूटनीतिक रास्ता अपनाने का मन बनाया है

Nov 01, 2016 / 09:00 am

सुनील शर्मा

india pak flag

india pak flag

नई दिल्ली। भारत ने पाकिस्तान के कब्जे में अपने जवान चंदू बाबूलाल चव्हाण को छुड़ाने के लिए कूटनीतिक रास्ता अपनाने का मन बनाया है। जवान चंदू को छुड़ाने के लिए भारतीय सरकार पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय से संपर्क साधने की तैयारी में है। चंदू 29 सितंबर को सर्जिकल स्ट्राइक के दिन अनजाने में सीमा पार चले गए थे।

भारत के रुख में यह बदलाव काफी अहम माना जा रहा है। इससे पहले तक केवल भारतीय सेना के डीजीएमओ (डायरेक्टर जनरल ऑफ मिलिट्री ऑपरेशन) रणबीर सिंह ने पाकिस्तान की सेना से चव्हाण की रिहाई की मांग की थी। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि पाकिस्तानी सेना ने डीजीएमओ की इस मांग का कोई जवाब नहीं दिया।

अब सरकार को यह बात महसूस हुई है कि इस मुद्दे को पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के सामने उठाने की जरूरत है। अबतक भारतीय विदेश मंत्रालय ने खुद को इस मामले से अलग ही रखा था। 37 राष्ट्रीय राइफल के सिपाही चंदू बाबूलाल चव्हाण जम्मू-कश्मीर के मेंढर सेक्टर में तैनात थे।

29 सितंबर से लापता
29 सितंबर को एलओसी पार कर भारतीय सेना की सर्जिकल स्ट्राइक के बाद से ही चव्हाण लापता हैं। 2 अक्टूबर को रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर ने बताया था कि डीजीएमओ के माध्यम से चव्हाण की रिहाई की कोशिश की जा रही है। पर्रिकर ने यह भी कहा था कि फिलहाल माहौल तनावपूर्ण है, इसलिए रिहाई में थोड़ा वक्त लग सकता है।

भारत सर्जिकल स्ट्राइक और जवान के लापता होने के बीच संबंध होने की बात को पहले ही खारिज कर चुका है। सेना ने कहा था कि इस तरह अनजाने में सीमा पार कर जाने की घटना कोई नई नहीं है। सेना को भरोसा था कि महाराष्ट्र के रहने वाले जवान चव्हाण को पाकिस्तान वापस कर देगा। एक सूत्र ने बताया कि अब जबकि पाकिस्तानी सेना की तरफ से कोई जवाब नहीं मिल रहा है, तो मामला पाक के विदेश मंत्रालय के समक्ष उठाया जा रहा है।

पाक का पहले इनकार, फिर किया स्वीकार
पाकिस्तान ने शुरुआत में इस बात से इनकार कर दिया था कि चव्हाण उनकी हिरासत में हैं। हालांकि 13 अक्टूबर को भारतीय अधिकारियों ने कहा था कि पाकिस्तान के डीजीएमओ ने इसे स्वीकार किया है कि चव्हाण उनके कब्जे में हैं और उनसे पूछताछ हुई थी।

जाधव को भी छुड़ाने के प्रयास जारी
भारतीय विदेश मंत्रालय पहले से ही पाकिस्तान में पकड़े गए भारतीय नागरिक कुलभूषण जाधव को राजनयिक सहायता दिलाने की कोशिश कर रहा है। जाधव को मार्च में बलूचिस्तान से गिरफ्तार किया गया था। पाकिस्तान ने जाधव पर भारतीय जासूस होने का आरोप लगाया है। पाकिस्तान ने इस मामले में भारत की तरफ से हुए छह प्रयासों का कोई जवाब नहीं दिया है।

जवान के परिजन चिंतित
उधर, सीमा पार कर लापता हुए जवान चव्हाण के घरवाले उनकी हालत को लेकर सशंकित हैं। घरवालों को डर है कि चव्हाण को पाकिस्तान में प्रताड़ित किया जा रहा होगा। लापता जवान के भाई और मराठा बटालियन के जवान भूषण चव्हाण कहा कि हमें चिंता है कि वे (पाकिस्तानी) उसे यातना दे रहे होंगे। उससे कहा जा रहा होगा कि भारतीय सेना को उसकी चिंता नहीं।

Home / Miscellenous India / भारतीय सैनिक को छुड़ाने के लिए पाक से संपर्क करेगा भारत!

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो