script

जाट आरक्षण की आग: दिल्ली का पानी रोका, अब तक 129 मामले दर्ज

Published: Feb 20, 2016 01:21:00 pm

Submitted by:

Rakesh Mishra

प्रारंभिक कार्रवाई के दौरान पांच लोगों को गिरफ्तार भी किया जा चुका है

Jat Reservation Stir

Jat Reservation Stir

चंडीगढ़। हरियाणा में जाट आंदोलन का असर दिल्ली तक पहुंच गया है। शनिवार की सुबह आंदोलनकारियों ने सोनीपत के निकट यमुना लिंक कैनाल से दिल्ली जाने वाले पानी की रूख मोडक़र दिल्ली की पानी सप्लाई रोक दी। प्रदर्शनकारियों ने अमृतसर-दिल्ली रेल लाइन को बाधित करने के बाद अब अमृतसर-दिल्ली वाया अंबाला मुख्य मार्ग को भी अपने कब्जे में ले लिया। जिसके चलते चंडीगढ़ से दिल्ली जाने वाली बस सेवा प्रभावित हो गई है।

हरियाणा द्वारा दिल्ली को रोजाना 1081 क्यूसिक पानी सप्लाई किया जाता है। आंदोलनकारियों ने आज सुबह करीब साढे दस बजे पश्चिमी यमुना लिंक कैनाल के पानी का रूख मोड़ दिया। जिससे दिल्ली की तरफ जाने वाला पानी बंद हो गया। इसके बाद आंदोलकारियों ने अंबाला-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर एक पर कब्जा करते हुए जाम लगा दिया।

कृषि मंत्री और सांसद सैनी के आवास पर तोडफ़ोड़
जाट आरक्षण आंदोलनकारियों ने हरियाणा के वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु के आवास को आग लगाने के बाद आज कृषि मंत्री ओपी धनखड़ के आवास और सांसद राजकुमार सैनी के कार्यालय को निशाना बनाया, जिसके चलते झज्जर में भी कर्फ्यू लगा दिया गया है। पुलिस महानिदेशक वाई.पी. सिंघल ने इस घटनाक्रम की पुष्टि करते हुए कहा कि आज सुबह असमाजिक तत्वों ने झज्जर में कृषि मंत्री ओ.पी. धनखड़ के आवास पर पथराव किया। लेकिन पुलिस वहां मौके पर पहुंच गई और प्रदर्शनकारियों को खदेड़ दिया गया। डीजीपी ने स्वीकार किया कि असमाजिक तत्वों ने सांसद राजकुमार सैनी के कैथल स्थित कार्यालय पर भी तोडफ़ोड़ की है। पुलिस ने सभी संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी है।

सख्त हुई सरकार
जाट आरक्षण आंदोलन को लेकर हरियाणा का माहौल बिगाड़ रहे उपद्रवियों से निपटने के लिए प्रदेश सरकार पूरी तरह से सख्त हो गई है। बीती रात राज्य के विभिन्न जिलों में आंदोलनकारियों के खिलाफ 129 मामले दर्ज किए गए हैं। प्रारंभिक कार्रवाई के दौरान पांच लोगों को गिरफ्तार भी किया जा चुका है। अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए वीडियो देखे जा रहे हैं।

सेना का फ्लैग मार्च जारी
हरियाणा पुलिस महानिदेशक वाईपी सिंघल ने आज यहां पत्रकारों से बातचीत में बताया कि बीते 12 घंटों के दौरान सेना की दस टुकडिय़ों ने हरियाणा में मोर्चा संभाल लिया है। उन्होंने दावा किया कि जिन जिलों में सेना द्वारा फ्लैग मार्च किया जा रहा है वहां से किसी प्रकार की अप्रिय घटना का समाचार नहीं है। सिंघल ने बताया कि स्थिति पर काबू पाने के साथ-साथ पुलिस ने आंदोलनकारियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है, जिसके चलते अब तक हरियाणा के विभिन्न जिलों में 129 एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं।

ये भी पढ़ेंः भड़की जाट आरक्षण की आग, स्टेशन फूंका, हेलिकॉप्टर्स से पहुंची सेना

प्रदेश में 78 से ज्यादा लोग घायल
डीजीपी ने बताया कि आंदोलकारियों द्वारा उत्पात मचाए जाने के कारण अभी तक पूरे प्रदेश में 78 लोगों के घायल होने का समाचार है, जिनमें से 46 लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दी जा चुकी है और पांच लोग गंभीर घायल होने के कारण आईसीय में भर्ती हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार लगातार केंद्र सरकार के संपर्क में है, जिसके चलते सेना की दस टुकडिय़ां हरियाणा में तैनात हो चुकी हैं। केंद्र द्वारा 23 अन्य बटालियनें हरियाणा में भेजी जा रही हैं। पुलिस महानिदेशक ने राज्य की सभी खाप पंचायतों से अपनी किसी तरह की बैठकों को अनिश्वित समय के लिए टालने की अपील करते हुए हरियाणा के लोगों से आहवान किया कि वह अपने नौजवान बच्चों को इन बैठकों में शामिल होने से रोकें।

नेताओं को तलाश रही पुलिस
हरियाणा पुलिस महानिदेशक वाईपी सिंघल ने कहा कि इस समय यह आंदोलन भीड़ में बदल चुका है। इस भीड़ में ज्यादातर युवा शामिल हैं। पुलिस लगातार आंदोलनकारियों के नेताओं को तलाश रही है। कोई भी नेता फ्रंट पर नहीं आ रहा है। जिस कारण पुलिस एवं सरकार को बातचीत के माध्यम से इस विवाद को सुलझाने में समस्या आ रही है।

ट्रेंडिंग वीडियो