scriptमुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन होगी दुनिया में सबसे सस्ती!  | Mumbai-ahemdabad Bullet train may be world's cheapest service | Patrika News

मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन होगी दुनिया में सबसे सस्ती! 

Published: Jun 04, 2015 09:04:00 am

इस कॉरिडोर में 10 स्टेशन होंगे और इस पर 98 हजार करोड़ का खर्चा आएगा

bullet train

bullet train

नई दिल्ली। मुंबई और अहमदाबाद के बीच प्रस्तावित बुलेट ट्रेन दुनिया की सबसे सस्ती हाई स्पीड ट्रेन हो सकती है। बुलेट कॉरिडोर के लिए फिजीबिलिटी रिपोर्ट तैयार कर रही जापानी टीम इसके किराए का मॉडल तैयार कर रही है। इसके अनुसार इस रूट पर चलने वाली अन्य ट्रेनों के एसी-1 कोच के मुकाबले बुलेट ट्रेन का किराया डेढ़ गुना ज्यादा होगा। इस कॉरिडोर में 10 स्टेशन होंगे और इस पर 98 हजार करोड़ का खर्चा आएगा।

किराए के मॉडल के अनुसार मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन का किराया 2800 रूपये होगा जबकि वर्तमान में एसी-1 का किराया 1895 रूपये है। वर्तमान में इस रूट पर ट्रेन 534 किलोमीटर की यात्रा के लिए आठ घंटे लेती है। माना जा रहा है कि बुलेट ट्रेन दो घंटे से भी कम समय लेगी। जापान की तोहोकू शिनकानसेन ट्रेन में 713 किमी की दूरी का किराया 8000 रूपये है। चीन में बीजिंग-शंघाई के बीच झिंगू हाई स्पीड ट्रेन में सैकंड क्लास का टिकट 5000 रूपये का है।

भारत में कुछ साल पहले लगाए गए अंदाजे में भी इतना ही किराया बताया गया था। अब अधिकारियों का कहना है कि संभावित किराए का वर्तमान अध्ययन सही तस्वीर पेश करता है। यह रिपोर्ट रेल मंत्रालय को जुलाई में सौंपी जा सकती है। जापानी टीम ने इस रूट पर सफर करने वाले लोगों से सर्वे के बाद इसे तैयार किया है। टीम के अनुमान के अनुसार 2023 तक इस रूट पर 40 हजार लोग प्रतिदिन यात्रा करेंगे। 2023 में एसी-1 का किराया बुलेट ट्रेन किराए के रेफरेंस के रूप में काम में लिया जाएगा। 
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो