scriptहेडली की पत्नी के बयान रिकॉर्ड करने की एनआईए को अनुमति | NIA gets nod to record statement of David Coleman Headley's wife Faiza Outalha | Patrika News
विविध भारत

हेडली की पत्नी के बयान रिकॉर्ड करने की एनआईए को अनुमति

भारत के कानूनी विशेषज्ञों के अनुसार हेडली और फैजा के बीच बातचीत को साक्ष्य के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है

Jan 18, 2016 / 08:21 am

भूप सिंह

David Coleman Headley

David Coleman Headley

नई दिल्ली। समझा जाता है कि राष्ट्रीय जांच एजेंसी को मोरक्को के अधिकारियों ने मुम्बई के 26/11 हमलों के मुख्य अभियुक्त डेविड कोलमैन हेडली से अलग रह रही उसकी पत्नी फैजा ओताल्हा से कुछ शर्तों के साथ पूछताछ करने की अनुमति दे दी है। भारत के कानूनी विशेषज्ञों के अनुसार हेडली और फैजा के बीच बातचीत को साक्ष्य के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है। सरकारी सूत्रों के अनुसार एनआईए ने उत्तरी अफ्रीकी देश मोरक्को को पत्र भेजकर फैजा से पूछताछ की अनुमति मांगी थी। मोरक्को ने कुछ शर्तों के साथ यह अनुमति दी है।

आतंकवाद के आरोप में शिकागो में 35 साल की जेल काट रहे हेडली ने हाल में ही हमले मामले में अप्रवूर बनने का प्रस्ताव भारत के सामने किया है। भारत को भरोसा है कि फैजा से पूछताछ में हेडली के 26/11 के हमले में पाकिस्तान और हाफिज सईद के सम्बंधों के बारे में जानकारी मिल सकेगी। एनआईए ने 2009 में भारत में हेडली की गतिविधियों की जांच के लिए एक मामला दर्ज किया था।

एनआईए के आरोपपत्र के अनुसार ओताल्हा दो बार भारत आई थी। अप्रेल 2007 में वह पहले होटल ताज में रुकी थी और बाद में होटल ट्रिडेन्ट में। इन होटलों की उसने रेकी भी की थी। आरोपपत्र में यह भी है कि मई 2007 में कराची लौटने से पहले हेडली और फैजा एक बार फिर होटल ताज में रुके थे। मई में ही हेडली दुबई चला गया था। सूत्रों के अनुसार ओताल्हा ने 52 वर्षीय हेडली से फरवरी 2007 में शादी की थी और उसे एक साल बाद तलाक दे दिया था। उसने हेडली के निजी जीवन के बारे में सुरक्षा एजेंसियों को महत्वपूर्ण सुराग दिए थे जिनमें मुम्बई से उसके सम्बंध भी शामिल हैं। यह दूसरा मौका था जब भारत ने मोरक्को से फैजा का बयान रिकॉर्ड करने का अनुरोध किया था। भारत ने पहली बार 2012 में अनुरोध किया था। जवाब में मोरक्को ने अपने देश की कानून प्रवर्तन एजेंसी द्वारा रिकॉर्ड किए गए जवाब भेजे थे।

Home / Miscellenous India / हेडली की पत्नी के बयान रिकॉर्ड करने की एनआईए को अनुमति

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो